केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान से मिले गार्ड, 31 मई को सेवा समाप्ति के खिलाफ गार्डों ने जताया विरोध
सदर सांसद के घर भी गए, सांसद प्रतिनिधि को समस्या से कराया अवगत
गोरखपुर (एम्स)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान के सुरक्षा गार्डों का प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान से मिला। गार्डों ने उन्हें सेवा समाप्ति को लेकर ज्ञापन दिया और समस्या के समाधान की मांग की।
सुरक्षा गार्डों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि एम्स में कार्यरत 410 गार्डों को इसी माह की 31 तारीख को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है। इसके बाद हम लोगों का काम दूसरी एजेंसी से लिया जाएगा। एम्स के गार्ड अभिषेक मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि हम लोगों को अचानक बेरोजगार कर दिया जा रहा है। हम लोग अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे। गार्ड की बात सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि आप सब की बात उच्च अधिकारियों व शासन स्तर पर पहुंचाई जाएगी और हर संभव मदद किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद गार्डों का समूह सदर सांसद रवि किशन के आवास पर भी पहुंचा। सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को समस्या से अवगत कराया। इस मौके पर अजीत कुमार, रामधारी, दीपक यादव, कृष्णानंद तिवारी, कुलदीप पाल, दिनेश चौहान, राहुल पटेल, अविनाश कुमार पांडे, पार्वती दुबे सहित सैकड़ों गार्ड मौजूद रहे।