गोरखपुर। डॉ. कुमार सतीश रवि के प्रकरण में एम्स ऋषिकेश से भी कई जानकारी मांगी गई है। हालांकि वहां के प्रशासन ने इस संबंध में भेजे गए किसी ईमेल का अब तक जवाब नहीं दिया है। डॉ. कुमार सतीश रवि पहले एम्स ऋषिकेश में ही तैनात थे। उनके गोरखपुर आने के बाद पहली शिकायत एम्स ऋषिकेश से ही आई थी। इस मामले की जांच करने वाले डॉ. अशोक प्रसाद ने बताया कि एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष, डीन और उप निदेशक को कई बार रिमांडर मेल भी भेज चुके हैं। इसके बाद भी कोई जवाब अब तक नहीं आया है। इसकी जानकारी अब डॉ. अशोक ने स्वास्थ्य मंत्रालय को देने की बात कही है। ब्यूरो
मारपीट मामले की जांच करेगी कमेटी
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मरीजों व डॉक्टरों के बीच हुई मारपीट के मामले में प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी दोनों पक्ष के अलावा कर्मचारियों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी देखा जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। ब्यूरो
आरपीएफ ने चार ठेले का किया चालान
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के गेट पर ठेला लगाने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई की। इस दौरान चार ठेला वालों का चालान किया गया। शाम को ठेला चलाने वालों ने रेलवे कोर्ट में जुर्माना भरा। हालांकि देर रात तक उन्हें उनका ठेला वापस नहीं मिला था। आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने बताया कि आवागमन में बाधा बने ठेला चालकों पर कार्रवाई की गई। ब्यूरो