नौ माह पहले हुई थी शादी, शनिवार रात कमरे में कुंडी में फंदा लगाकर झूल गई
कैंपियरगंज इलाके की घटना, पुलिस कर रही जांच
कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के मोहनाग में एक महिला ने शनिवार को पति से मोबाइल पर बात करने के बाद कमरे की कुंडी में फंदा लगाकर जान दे दी। नौ माह पहले उसकी शादी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कैंपियरगंज पुलिस के मुताबिक, मोहनाग गांव के आकाश की नौ माह पूर्व पनियरा के खुटहा गांव की अनुराधा से शादी हुई थी। परिवार का खर्च चलाने के लिए पति बंगलूरू में रहकर पेंट पॉलिस का काम करता है। शनिवार की रात पति से फोन पर बात करने के बाद अनुराधा ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। अनुराधा के मायके वालों का कहना है कि दामाद ने रात में फोन कर कहा कि अनुराधा की तबीयत खराब है, जाकर देख लिजिए। अधिक रात होने की वजह से नहीं पहुंच पाए। रविवार की सुबह जब हम लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो वह छत की कुंडी में फंदे से लटकी मिली। प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह का कहना है कि आत्महत्या का कोई कारण पता नहीं चल पाया है, न ही कोई तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।