गुलरिहा थानाक्षेत्र के सरहरी बंदरहां का मामला, जांच में जुटी पुलिस
सरहरी। गुलरिहा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सरहरी के टोला बंदरहां में बुधवार रात पत्नी से विवाद के बाद के मल्लू गौड़ (45) ने फंदा लगाकर जान दे दी। दो दिन पहले ही वह कोलकाता से आया था। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मल्लू कोलकता स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार में पत्नी चंदा देवी के अलावा चार बेटियां व एक बेटा है। बीते सोमवार को वह कोलकाता से घर लौटा था। बुधवार रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह शव पंखे के कुंडे में रस्सी के सहारे लटकता मिला।
इधर, पुलिस ने जब पत्नी से विवाद की वजह पूछी तो उसने बताया कि मल्लू पुश्तैनी जमीन बेचने जा रहे थे। इस बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों से भी पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन दोनों में विवाद होता था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।