चिलुआताल थाने में दर्ज किया गया था केस, तलाश में थी पुलिस
गोरखपुर। मोबाइल टॉवर लगवाने के नाम पर 12 लाख रुपये की जालसाजी करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पहचान तिवारीपुर थाना क्षेत्र के बहरामपुर पिपरा खुर्द निवासी गुलाम अशरफ के रूप में हुई। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भिजवा दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल इलाके के वार्ड नंबर 19 निवासी चंद्रशेखर यादव ने केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी मुलाकात गुलाम से हुई तो उसने बताया कि उसका भाई नूर मोहम्मद एयरटेल कंपनी में रीजनल मैनेजर हैं। वह जमीन पर टॉवर लगवा देगा। इसके बदले आप को हर महीने किराया मिलेगा। उसकी बातों पर यकीन कर लिया और फिर उसने अपने भाई से मिलवा दिया। दोनों ने पहले पैन कार्ड, आधार कार्ड लिया और फिर बोला कि कंपनी की ओर से आपकी जमीन पसंद आने के बाद 55 लाख रुपये एडवांस मिलेगा। प्रतिमाह 45 हजार रुपये किराया भी मिलेगा। फिर दोनों ने अपने अन्य साथियों की मदद से जमीन जाकर देखी और पसंद आने की बात कही। फिर बताया कि 12 लाख रुपये खर्च आएगा। बातों पर यकीन कर पीड़ित ने यूपीआई के माध्यम से सात लाख रुपये भेज दिए। उसे पांच लाख रुपये नकदी दिए। इसके बाद आरोपियों ने रुपये हड़प लिए। वापस मांगने पर पीड़ित को मारपीट कर घायल कर दिया। मामले को लेकर पीड़ित ने एसएसपी राज करन नय्यर को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी। पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी गुलाम अशरफ को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।