सहजनवां में पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, करवा चौथ के बाद हुआ था विवाद
सहजनवां। नगर पंचायत क्षेत्र के लुचूई ओवरब्रिज के पास शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक युवक को रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पीआरवी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को किसी तरह ट्रैक से हटाकर थाने ले आई।
बताया जा रहा है कि उस समय युवक पूरी तरह नशे में धुत था। कुछ समय बाद नशा उतरा तो पुलिस ने पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह सहजनवां थाना क्षेत्र के बरईपार का रहने वाला है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी लेकिन घर पर कोई मौजूद नहीं था। बाद में पड़ोसियों की मदद से युवक को समझाकर घर ले जाया गया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी पत्नी हाल ही में बच्चे को जन्म देने के बाद मायके चली गई है, जिससे वह काफी परेशान था। उसने कहा कि वह पत्नी के बिना नहीं रह सकता। उसके तीन बच्चे हैं। पत्नी और बच्चे के साथ ही रहता था लेकिन अब वह मायके में है। युवक ने बताया कि करवा चौथ के दिन वह ससुराल गया था और वहीं रात में किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्से और शराब के नशे में उसने खुदकुशी करने की ठान ली और रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया। थाना प्रभारी महेश चौबे ने कहा कि यदि ग्रामीणों ने समय रहते सूचना न दी होती तो एक बड़ी दुर्घटना या आत्महत्या की घटना हो सकती थी।
-
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
सहजनवां। सुबह करीब 8:54 बजे सहजनवां रेलवे स्टेशन के ट्रैक संख्या 5 पर युवक की लाश मिली। दिल्ली से बिहार जा रही एक स्पेशल ट्रेन के चालक ने ट्रैक पर युवक का शव देखा और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। युवक के शरीर पर नीली शर्ट, काली जींस और लाल-कत्थई बेल्ट था। चेहरे पर दाढ़ी थी। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद