- लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण करा रही एपको इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के कैंप में चोरी का आरोप
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नकौड़ी गांव के पास लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण कर रही एपको इन्फ्राटेक प्रा. लि. के कर्मचारियों ने केश्वपुर निवासी प्रदीप यादव काे चोरी करते हुए पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। एचआर/एडमिन अभय प्रताप सिंह ने तहरीर दी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कंपनी अधिकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से कैंप से यू-जैक समेत अन्य स्टील की सामग्री चोरी की जा रही थी। लगातार हो रही चोरी की वारदात से निर्माण कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इससे परेशान होकर प्रबंधन और कर्मचारियों ने सतर्कता बढ़ाते हुए कैंप परिसर में गश्त शुरू की। इसी दौरान बुधवार को चोरी की कोशिश करते हुए एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में ग्राम केश्वपुर निवासी प्रदीप के रूप में उसकी पहचान हुई। कंपनी का आरोप है कि वह कैंप से स्टील सामग्री चोरी कर ले जा रहा था। प्रबंधन ने आरोपी प्रदीप को सामग्री के साथ सिकरीगंज पुलिस को सुपुर्द किया और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाप्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।