- एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
- 2021-22 में 30.60 लाख रुपये का सीमेंट उधार में लिया, 12.10 लाख रुपये अब भी बकाया
गोरखपुर। कैंट थानाक्षेत्र के कुड़ाघाट, पीपलडाइ निवासी सीमेंट कारोबारी छोटे लाल सिंह से 2021 में मेसर्स एसएस नारायण एसोसिएट के प्रोपराइटर सुमित कुमार श्रीवास्तव ने सीमेंट उधार लिए। आरोप है कि रुपये मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कैंट पुलिस ने सीमेंट कारोबारी की तहरीर पर आरोपी फर्म संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छोटे लाल सिंह की मोहद्दीपुर में मेसर्स सिंह सीमेंट स्टोर्स के नाम से फर्म है। छोटेलाल ने बताया कि वर्ष 2021 में मेसर्स एसएस नारायण एसोसिएट के प्रोपराइटर सुमित कुमार श्रीवास्तव ने उनसे संपर्क कर सीमेंट खरीदने की इच्छा जताई थी। आवश्यक दस्तावेज और जीएसटी विवरण देखने के बाद दोनों के बीच व्यापारिक लेनदेन शुरू हुआ। तहरीर के अनुसार, 13 जुलाई 2021 से 7 मई 2022 के बीच आरोपी फर्म ने उधार में सीमेंट खरीदे। इस अवधि में कुल 30 लाख 60 हजार 44 रुपये का सीमेंट उठाया गया। इसके सापेक्ष 10 दिसंबर 2022 तक बैंक के माध्यम से 18 लाख 49 हजार 700 रुपये का भुगतान किया गया जबकि 12 लाख 10 हजार 344 रुपये अब तक बकाया है।
पीड़ित कारोबारी का आरोप है कि वह लगातार बकाया भुगतान की मांग करने पर आरोपी हर बार जल्द पैसा देने का आश्वासन देता रहा। बाद में उसने पूरी तरह से भुगतान बंद कर दिया। 5 जुलाई 2024 को जब पीड़ित ने दोबारा बकाया रकम मांगी तो आरोपी उग्र हो गया और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि उसने 17 अगस्त 2024 को जनसुनवाई में भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने दोबारा एसएसपी से मिलकर गुहार लगाई।
कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। खाता-बही, बैंक लेनदेन, जीएसटी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।