कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घर के बाहर चस्पा किया नोटिस
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी के एक मामले में घर छोड़कर भागी रुस्तमपुर थाना क्षेत्र की निवासी मनीषा वर्मा के खिलाफ उद्घोषणा तामील कराते हुए उसके घर के बाहर नोटिस चस्पा किया। इस दौरान पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई।
रुस्तमपुर के आजाद नगर मोहल्ला निवासी अश्वनी कुमार सिंह ने 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में 29 नवंबर 2022 को रामगढ़ताल थाने में राजकुमार वर्मा, उसकी पत्नी मनीषा वर्मा, बैंक मैनेजर प्रदीप कुमार और प्रबंधक जयप्रकाश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था। इसके बाद से मनीषा वर्मा घर से भाग गई है। न्यायालय ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी महिला लंबे समय से भाग रही थी। न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा नोटिस के अनुपालन में पुलिस टीम सोमवार को आरोपी महिला के घर पहुंची। नियमानुसार डुगडुगी पिटवाते हुए नोटिस चस्पा किया गया और लाउडस्पीकर से मुनादी कराई गई।