दो घंटे तक भटहट-बांसस्थान फोरलेन पर परिजनों ने किया बवाल
हंगामे के दौरान सड़क के दोनों तरफ खड़ी रहीं गाड़ियां
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
गुलरिहा/भटहट। जंगल डुमरी नंबर दो में बृहस्पतिवार को पटीदारों के बीच हुए मारपीट में घायल व्यक्ति की शनिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद नाराज परिजनों ने शव को भटहट-बांसस्थान फोरलेन पर मंदिर चौराहे के सामने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले बवाल के कारण आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की कतार लग गई। सीओ गोरखनाथ और प्रशासन के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। करीब छह बजे आवागमन शुरू हो सका।
जंगल डुमरी नंबर दो में खेत में मूंगफली की बुवाई के दौरान पटीदारों में आपस में मारपीट हो गई थी। मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए थे। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इलाज के दौरान ही छोटेलाल (50) की शनिवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। दोपहर में शव लेकर करीब 3:30 बजे परिजन भटहट-बांसस्थान फोरलेन पर मंदिर चौराहे के सामने बैठ गए। उन्हाेंने केस में धारा बढ़ाने और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह और तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह भी पहुंचकर उन्हें समझाने लगे। लेकिन, काफी देर तक परिजन जिद पर अड़े रहे। भीड़ सड़क के दाेनों तरफ खड़ी थी, इसकी वजह से रोड पर जाम लग गया। हंगामे के दौरान कोई भी वाहन निकल नहीं पाया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। करीब 5:40 बजे पुलिस-प्रशासन के समझाने पर परिजन माने और शव को ले गए। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी।
ये है मामला
टोला ढड़वनवा निवासी अरविंद प्रजापति का आरोप है कि बच्चों के विवाद को लेकर पटीदार निरहू, सुरेश, दिनेश और पिंटू ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान उसके पिता छोटेलाल घायल हो गए। शनिवार की सुबह इलाज के दौरान छोटेलाल की मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के पिंटू का आरोप है कि बृहस्पतिवार को अपने खेत में मूंगफली बोने गए थे। पटीदार छोटेलाल और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट की। गुलरिहा पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वर्जन...
घायल की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रख हंगामा शुरू कर दिया। उन्हें समझाकर हटाया गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी हिरासत में है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तार कर ली जाएगी।
- रवि कुमार सिंह, सीओ गोरखनाथ