गोरखनाथ थाना क्षेत्र में तीन अगस्त की रात हुआ था 12वीं के छात्र का अपहरण
गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र में 12वीं कक्षा के छात्र के अपहरण मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेहंदावल थाने के हिस्ट्रीशीटर मुन्ना लाल मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन अन्य आरोपी अब भाग रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
मामला तीन अगस्त की रात का है, जब रामनगर चौराहे के पास स्थित गोरखनाथ हॉस्टल से छात्र अनन्य मणि त्रिपाठी (निवासी भरवलिया, थाना निचलौल, महराजगंज) को कार में बैठाकर ले जाया गया था। अनन्य मियां साहब इस्लामिया स्कूल में 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, संतकबीरनगर निवासी लकी त्रिपाठी रात 1:30 बजे अपने साथियों के साथ हॉस्टल पहुंचा और मोबाइल फोन चैट डिलीट कराने के लिए छात्र का अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई, जिसके बाद आरोपियों ने छात्र को जूडियो माॅल के पास छोड़ दिया।
पीड़ित के पिता की तहरीर पर चार अगस्त को अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज हुआ। जांच में सामने आया कि इस वारदात में लकी त्रिपाठी उर्फ देवेश, मुन्ना लाल मौर्या, रितु राज चौधरी और जगत राज चौहान शामिल थे। शनिवार रात पुलिस ने महेसरा पुल के पास से मुन्ना लाल मौर्या को दबोच लिया। वह मेहदावल थाने का हिस्ट्रीशीटर है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि बाकी तीन आरोपियों की तलाश में टीम दबिश दे रही है।