उप निदेशक पंचायत राज ने जारी किया निर्देश, एडीओ पंचायत करेंगे निगरानी
सभी छठ घाटों पर ग्राम पंचायत कराएंगी सजावट
गोरखपुर। छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए शुक्रवार से तीन दिवसीय वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। उप निदेशक पंचायतीराज ने मंडल के सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों (डीपीआरओ) और एडीओ पंचायतों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्य की निगरानी करेंगे। जबकि सभी सफाई कर्मियों की ड्यूटी छठ घाटों सहित गांव में लगाई गई है।
निर्देशों के अनुसार, 24 से 26 अक्तूबर तक चलने वाले विशेष अभियान में तालाबों, नालियों, सड़कों और छठ पूजा स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छठ घाटों पर कचरा न जमा हो, इसके लिए लगातार सफाई और निरीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी गांव में जलभराव या गंदगी की समस्या न रहे। ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उप निदेशक पंचायतीराज हिमांशु ठाकुर ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर संचारी रोग नियंत्रण से संबंधित रोस्टर को तीन दिनों के लिए स्थगित किया जा सकता है, ताकि सफाई कर्मियों को पूरी तरह सफाई अभियान में लगाया जा सके। इसके अलावा, प्रत्येक ब्लॉक में एडीओ पंचायत प्रतिदिन सफाई कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे और उसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजेंगे। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतें स्थानीय लोगों के सहयोग से छठ घाटों की सजावट और प्रकाश व्यवस्था की भी व्यवस्था करेंगी, ताकि महापर्व स्वच्छ माहौल में संपन्न हो सके।