गोरखपुर। गीडा के 35वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान कुल 3 लाख 27 हजार 313 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लगने वाली 85 फैक्टरियों के लिए औद्योगिक भूखंडों का आवंटन हो गया है। जमीन पाने वालों में कोकाकोला, एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, एसएलएमजी पीईटी प्लांट, कपिला कृषि उद्योग, आइसन एयर कूलर, टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, मॉडर्न पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, नोवामैक्स इंडस्ट्रीज व होटल नीलकंठ ग्रैंड जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों की तरफ से 1068 करोड़ रुपये के निवेश से पांच हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। अगले साल जब इन कंपनियों की शुरुआत होगी तो पूर्वांचल के नौजवानों को रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
123 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास और 86 करोड़ रुपये के कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी कुल 209 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह 123 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास तथा 86 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। शिलान्यास के प्रोजेक्ट्स में 94 करोड़ के सिविल और 29 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य शामिल हैं। जबकि, लोकार्पण की परियोजनाओं में 72 करोड़ के सिविल और 14 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य सम्मिलित हैं। इसके अलावा निवेश मित्र पोर्टल पर 20 सुविधाओं का शुभारंभ होने के साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और बेहतर होगा।
नाइलिट के बच्चों को किया जाएगा सम्मानित
पिछले स्थापना दिवस समारोह में गीडा ने नाईलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) से एमओयू कर स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए 9280 वर्गमीटर का कैंपस, निर्मित भवन के साथ निशुल्क उपलब्ध कराया था। नाईलिट के गीडा कैंपस में अभी तक 13 पाठ्यक्रमों में 617 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। सीएम योगी नाईलिट से प्रशिक्षित पांच युवाओं को सर्टिफिकेट वितरित करेंगे।
कमिश्नर ने भी तैयारियों की जानकारी ली
सहजनवां। कमिश्नर अनिल कुमार ढींगरा ने भी शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उस वक्त तक अभी स्टॉल लगाए जा रहे थे, जिन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पंडाल, मुख्य मंच, हेलीपैड स्थल व फूड कोर्ट पर जाकर अब तक हो चुके कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद गीडा कार्यालय पहुंचे और वहां पर बैठक कर बिंदुवार तैयारियों को परखा। इस दौरान सीईओ गीडा अनुज मलिक, एसीईओ आरडी पांडेय, विशेष कार्याधिकारी अनुपम मिश्रा, अधिशासी अभियंता अजय राय, सुरेश यादव आदि मौजूद रहे।