गोरखपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने रविवार को नौसड़ क्षेत्र में कई जगह छापा मारकर प्रतिबंधित पॉलिथीन को पकड़ा। टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 किलो पॉलिथीन जब्त की। साथी ही पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया।
प्रवर्तन दल ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि पॉलिथीन न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है बल्कि नालियों और जलनिकासी व्यवस्था को भी बाधित करती है। इसी वजह से इसके प्रयोग पर रोक लगाई गई है। अभियान का उद्देश्य लोगों को पॉलिथीन के दुष्प्रभावों से जागरूक करना और इसके स्थान पर कपड़े व जूट के थैले प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। किसी भी क्षेत्र में पॉलिथीन के प्रयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।