गोरखपुर। औद्योगिक शहर बन रहे गीडा में देशभर के बड़े उद्यमी जमीन तलाशने लगे हैं। पेप्सिको का उत्पादन शुरू होने और कोकाकोला को जमीन आवंटित होने के बाद अब टाटा मोर्ट्स, अमूल इंडिया, श्री सीमेंट समेत करीब 15 बड़ी कंपनियां गोरखपुर में निवेश के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश में हैं। गीडा के स्थापना दिवस समारोह में ये कंपनियां अपने स्टाल भी लगाएंगी। इसके लिए मुख्य मंच के बायीं तरफ व्यवस्था की गई है। इन्वेस्ट यूपी के इन स्टाल पर आ रहे उद्यमियों में से कुछ ने धुरियापार में जमीन भी देखी है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में महज आठ साल पहले तक कोई फैक्टरी लगाने को तैयार नहीं था। माहौल बदला तो एक के बाद एक बड़े निवेशक गोरखपुर की ओर चल पड़े। तत्वा प्लास्टिक, ज्ञान डेयरी से उत्पादन के बाद पिछले दिनों 1100 करोड़ निवेश कर वरुण बेवरेज ने पेप्सिको प्लांट लगाया और रिकाॅर्ड समय में इससे भी उत्पादन शुरू हो गया। अब इसके बाद कोकाकोला कंपनी को भी 17 एकड़ जमीन पेप्सिको के बगल में ही मिल गई है।
लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ करीब 800 एकड़ जमीन में इंडस्ट्रियल हब बनाया जा रहा है। लिंक एक्सप्रेस-वे से लखनऊ, वाराणसी की दूरी कम हो गई है। इसके लखनऊ-मुजफ्फरपुर हाईवे से जुड़ने के कारण सोनौली और बिहार की तरफ आवागमन भी आसान हो गया है। इसलिए उद्यमियों का फोकस लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ है। इसके अलावा धुरियापार में भी 5500 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है।
इसे देखते हुए कई बड़े निवेशक जमीन की तलाश में लगे हैं। चर्चा है कि लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे टाटा मोर्ट्स वेयरहाउस बनाने के लिए जमीन की तलाश में है। इसी प्रकार श्री सीमेंट कंपनी धुरियापार में फैक्टरी लगाना चाहती है। इसके अलावा अमूल इंडिया, पीटीसी सिक्योरिटीज समेत कुछ और कंपनियां भी गीडा में निवेश के लिए जमीन खोज रही हैं। इससे पहले अदाणी समूह भी धुरियापार में सीमेंट फैक्टरी लगाने के लिए 55 एकड़ जमीन देख चुका है।
तीन बड़े स्टाल पर दिखेगा यूपी का विकास
मंच के बायीं ओर तीन बड़े स्टाल लगाए जा रहे हैं, जिसमें से एक यूपी पुलिस, दूसरा इन्वेस्ट यूपी और तीसरा खुद गीडा का है। शुक्रवार की शाम चार बजे तक इनकी सफाई-रंगाई का काम चल रहा था। गीडा प्रशासन ने बताया कि यूपी पुलिस के स्टाल पर सुरक्षा उपायों के साथ-साथ पुलिस की कार्यकुशलता प्रदर्शित की जाएगी। वहीं यूपी इन्वेस्टर्स के स्टॉल पर टाटा मोर्ट्स, अमूल दूध, टोरंट गैस, श्री सीमेंट, पीटीसी समेत 15 कंपनियों का स्टाल होगा। ये वे निवेशक हैं, जिन्होंने यूपी में या तो निवेश कर दिया है अथवा निवेश की तैयारी में हैं।