कारण बताओ नोटिस का पत्र देते भाजपा विधायक।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने बुधवार को लखनऊ जाकर कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया। प्रदेश कार्यालय के सचिव भारत भूषण को छह पेज का जबाव रिसीव कराया है। आइए हम आपको इस मामले की पूरी जानकारी देते हैं।
दरअसल, बीते दिनों विधायक ने जलभराव को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के सहायक अभियंता केके सिंह को हटाने की मांग की थी, वहीं सांसद रवि किशन ने प्रोजेक्ट पूरा होने तक उसे उसकी जगह पर बने रहने देने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को पत्र लिख दिया था। अभी यह मामला चल ही रहा था कि विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल का एक ऑडियो वायरल होने लगा।
ऑडियो वायरल होने के बाद मचा था हड़कंप
बीते गुरुवार शाम को नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल के जातिवादी बोल भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें नगर विधायक जाति विशेष के बारे में बात कर रहे थे। एक विवाद के प्रसंग में भाजपा पदाधिकारी से कह रहे हैं कि छेड़खानी के मामले में ऐसी चिट्ठी बनवाइए ताकि जाति का पता आसानी से चल जाए। यह ऑडियो कब का है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
वहीं ऑडियो को लेकर नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल ने कहा था कि ऐसी किसी बातचीत का बिल्कुल स्मरण नहीं है। वैसे, मैं इस तरह की बातचीत करने का आदी भी नहीं हूं। जिस तरह जनता के सरोकारों को लेकर इस वक्त प्रशासनिक अफसरों से संघर्ष है, उसमें राजनीतिक एंगल पैदा हो रहे हैं। इस तरह के ऑडियो का वायरल होना रणनीति भी हो सकती है।
इस ऑडियो के वारयल होने के बाद भाजपा ने संगठन व सरकार विरोधी माना। साथ ही विधायक को नोटिस देकर सात दिन में जवाब-तलब करने को कहा था। बुधवार को विधायक ने छह पेज का जवाब प्रदेश कार्यालय के सचिव भारत भूषण को सौंपा है।