शहर के जिन ट्रैफिक बूथों को गलत ढंग से व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाने लगा था, नगर आयुक्त ने इसे लगाने की एसपी ट्रैफिक को दी गई अनुमति को निरस्त कर दिया है। जल्द ही इनको हटाने की कार्रवाई शुरू होगी।
शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए एसपी ट्रैफिक ने शहर के विभिन्न 24 चौक चौराहों पर ट्रैफिक बूथ लगाने के लिए नगर निगम से अनुमति मांगी थी। नगर निगम ने इस शर्त पर एसपी ट्रैफिक को इन बूथों को लगाने की अनुमति दी थी कि इस पर सिर्फ पुलिस विभाग, नगर निगम, किसी सरकारी विभाग या फिर सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का विज्ञापन लगाया जा सकता है।
इसके बावजूद एसपी ट्रैफिक ने किसी एजेंसी से बात कर इस बूथों के ऊपर अलग से स्ट्रक्चर बनवाकर इसका व्यावसायिक इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। अमर उजाला ने पड़ताल कर इसको प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने एसपी ट्रैफिक समेत एजेंसियों को नोटिस जारी किया था। अब नगर निगम प्रशासन ने एसपी ट्रैफिक को दी गई इस अनुमति को निरस्त कर दिया है।
शर्त से इतर इस ट्रैफिक बूथ का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाने लगा था। इस वजह से एसपी ट्रैफिक को ट्रैफिक बूथ लगाने की जो अनुमति दी गई थी, उसे निरस्त कर दिया गया है। जल्द ही इन्हें हटाने का काम शुरू किया जाएगा।
- अंजनी कुमार सिंह, नगर आयुक्त