नौकरी की राह देखने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले चार जिलों में वृहद रोजगार मेला का आयोजन जनवरी में होगा। जहां 8500 युवाओं को 67 निजी कंपनियां रोजगार के विभिन्न अवसर मुहैया कराएंगी। क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय की ओर से आयोजित होने वाले मेले की शुरुआत 12 जनवरी को कुशीनगर में होगी। जहां श्रम और रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या बतौर मुख्य अतिथि इसका शुभारंभ करेंगे।
क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला की वृहद कार्ययोजना तैयार की जा रही है। गोरखपुर के डीवीएनपीजी कॉलेज में 30 जनवरी को रोजगार मेला का आयोजन होगा। वहीं देवरिया और महाराजगंज में आयोजित होने वाले रोजगार मेला की तिथि अगले सप्ताह तक निर्धारित कर लिए जाने की उम्मीद है। रिक्तियों और कंपनियों के नाम विभाग की ओर से तय कर लिया गया है।
सबसे ज्यादा नियुक्तियां गोरखपुर जिले में
रोजगार मेला में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी www.sewayojan.up.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, रोजगार मेला के दिन आयोजन स्थल पर भी ऑफ लाइन पंजीकरण कराया जा सकेगा। सबसे ज्यादा 3000 नियुक्तियां गोरखपुर जिले में होंगी। रोजगार मेला से जुड़ी समस्त जानकारियों के लिए क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय के 05512335331, 9415851988 पर संपर्क किया जा सकता है।
न्यूनतम 8500 रुपया होगा मानदेय
रोजगार मेला में शामिल होने वाली निजी क्षेत्र की कंपनियां 8500-16000 रुपये तक का मानदेय युवाओं को मुहैया कराएंगी। तैनाती स्थल गोरखपुर मंडल के साथ साथ प्रदेश के कई दूसरे शहर होंगे। हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, बीटेक, एमबीए उर्त्तीण अभ्यर्थी रोजगार मेला में शामिल हो सकेंगे।
रोजगार मेला की जिलावार आयोजन तिथि
आयोजन तिथि जिला रिक्तियां कंपनी
12 जनवरी कुशीनगर 2500 17
30 जनवरी गोरखपुर 3000 25
तय नहीं है देवरिया 2000 15
तय नहीं है महाराजगंज 1000 10
कुल 8500 67
गोरखपुर मंडल में वृहद रोजगार मेला की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जनवरी में जिलेवार मेला का आयोजन होगा। 8500 युवाओं को 67 निजी क्षेत्रों की कंपनियां रोजगार का अवसर प्रदान करेंगी। रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अखंड प्रताप सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन