महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही जायके का भी भरपूर मजा उठाने का मौका मिलेगा। इसके लिए चंपा देवी पार्क में ही फूड जोन लगाया गया है। यहां शहर के विभिन्न रेस्त्रां और खाने-पीने की दुकानों के स्टॉल मौजूद हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की तरफ से 200 स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रचार और टेराकोटा, खादी समेत कई अन्य सामग्रियों की बिक्री होगी। आपदा विभाग की तरफ से भी स्टॉल लगाया गया है, जहां एनडीआरएफ की टीम आपदा के समय बचाव के तरीके आदि को लेकर जागरूक करेगी।
चौराहों पर दिखेंगे महोत्सव के रंग, एयरपोर्ट भी सजाया गया
गोरखपुर महोत्सव के रंग शहर के प्रमुख चौराहों पर भी दिखेंगे। इसके लिए चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। महोत्सव स्थल पर भी जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। जिससे पीछे के लोगों को भी मुख्य मंच पर होने वाले कार्यक्रम साफ दिखाई पड़ें। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी टर्मिनल बिल्डिंग को लाइटों से सजाया है।
700 लोगों के बैठने का प्रबंध, ठंड से बचाव को अलाव
कार्यक्रम स्थल पर चंपा देवी पार्क में 700 से अधिक लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलावा का प्रबंध किया गया है। हेल्थ कैंप भी लगाए गए हैं जहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती के साथ ही जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
वेबसाइट पर लाइव प्रसारण, एक करोड़ लोगों को जोड़ने का प्रयास
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट /एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से वेबसाइट gorakhpurmahotsav.co.in बनाई गई है। इसपर सभी कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण होगा। महोत्सव स्थल पर किन्हीं वजहों से नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को इसके जरिए अपने घर बैठे अपनी सभ्यता, संस्कृति और कला को जानने-समझने का मौका मिलेगा। वेबसाइट के जरिए करीब एक करोड़ लोगों को महोत्सव से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने कहा कि गोरखपुर के समेकित पर्यटन विकास एवं पर्यटन महत्व को देखते हुए गोरखपुर महोत्सव का यह आयोजन काफी महत्वपूर्ण है। कोविड संक्रमण कॉल में जो स्थानीय कलाकार काफी दिनों से मंच से दूर थे, उन्हें एक बड़ा मंच तो मिलेगा ही, लोग भी अपनी सभ्यता, संस्कृति और कला को समझ सकेंगे। महोत्सव में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। सभी से अपील है कि वे मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए महोत्सव का आनंद उठाएं।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि लंबे समय से कोविड-19 से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। 16 जनवरी से वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। इस मौके पर गोरखपुर महोत्सव का महत्व और बढ़ जाता है। महोत्सव के मंच से वैक्सीन के बारे में भ्रम को भी दूर किया जाएगा। गोरखपुर में पर्यटन, उद्योग, व्यापार आदि को बढ़ावा देने के लिए महोत्सव के तहत होने वाले सेमिनार में मंथन होगा। स्थानीय लोक कलाकारों को महोत्सव के जरिए बड़ा मंच मिलेगा।