गोरखपुर एम्स व पीएम मोदी। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जैसे ही अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का लोकार्पण किया, समूचा एम्स परिवार खुशी से झूम उठा। एम्स के लेक्चर हॉल-3 में टीवी स्क्रीन पर जमे एम्स में पंजीकृत विविध फैकल्टी के डॉक्टर और छात्र लोकार्पण की प्रत्येक गतिविधियों के चश्मदीद बने।
एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी को एम्स का मॉडल दिखाया। इस बीच दो मिनट 16 सेकेंड की एम्स की वीडियो क्लिप भी दिखाई गई। इस दौरान सभी की निगाहें स्क्रीन पर टिकी थीं। कुछ पल बाद सामूहिक करतल ध्वनि से सभी ने इस नजारे का स्वागत किया। छात्र भारत माता की जय के नारे लगाते नजर आए।
इस पल के साक्षी बने डॉक्टरों का कहना था कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर एम्स इतने कम समय में बनकर तैयार हो गया है। यह ऐतिहासिक पल है। ताउम्र याद रहेगा। इस दौरान डॉ. शंशाक शेखर, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. हरिशंकर जोशी, डॉ. अमित रंजन, डॉ. रुचिका अग्रवाल, डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. अजय भारती आदि मौजूद रहे।