साहित्य संस्कृति और विचारों के महाकुंभ गोरखपुर लिटरेरी फेस्टिवल का आयोजन सात और आठ जनवरी को होगा। आयोजन में देशभर से नामी साहित्यिक, सांस्कृतिक, और कला जगत से जुड़ी हस्तियां जुटेंगी। इस दौरान साहित्य से लेकर सांस्कृतिक और कला जगत पर विस्तार से चर्चा होगी।
आयोजन की तैयारियों के क्रम में शनिवार को होटल विवेक में गोरखपुर लिटरेरी फेस्टिवल आयोजन समिति की बैठक हुई। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन राय, सचिव डॉ. संजय श्रीवास्तव, संयोजक अचिंत्य लाहिड़ी, शैवाल शंकर एवं आयोजन समिति की अनुपम, शबनम श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्था और लिटफेस्ट के सत्रों के विषय में जानकारी दी।
बताया कि इस बार लिटफेस्ट में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, राज्यसभा के उपसभापति हरिबंश, साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विश्वनाथ तिवारी, साहित्यकार मृदुला गर्ग, अनामिका, राजनेता सलमान खुर्शीद, सुधांशु त्रिवेदी, वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह, आलोक मेहता, ऋचा अनिरुद्ध, राणा यशवंत बॉलीवुड अभिनेत्री दीप्ति नवल, गायन क्षेत्र से मालिनी अवस्थी, अविनाश नारायण, ब्रजेश शांडिल्य, साहित्यकार ऋषिकेश सुलभ, गीताश्री, जयंती रंगनाथन, यतींद्र मिश्र, बालेंदु द्विवेदी, अदिति माहेश्वरी गोयल, चंद्रशेखर वर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार, संस्कृतिकर्मी और पत्रकार आदि शामिल होंगे।
लिटफेस्ट में साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, स्त्री विमर्श, सिनेमा आदि पर आधारित विभिन्न सत्रों एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आयोजन की बेहतरी को लेकर अपने-अपने सुझाव भी साझा किए। इस मौके पर बड़ी संख्या में शहर के साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी एवं रंगकर्मी उपस्थित रहे।
चित्रकला और लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन
गोरखपुर लिटरेरी फेस्टिवल के दौरान डॉ. रजनीकांत स्मृति युवा रचनाकार और फोटो जर्नलिस्ट डॉ. राजीव केतन की स्मृति में कैलिग्रॉफी चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।