- सिकरीगंज इंटरचेंज से जुड़े सभी कार्य पूरे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बुधवार रात 12 बजे से सिकरीगंज इंटरचेंज को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इससे एक्सप्रेस-वे पर आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।
यूपीडा के अधिशासी अभियंता पीपी वर्मा ने बताया कि सिकरीगंज इंटरचेंज से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं, वहीं बेलघाट-सिकरीगंज खंड का निर्माण कार्य भी समाप्त हो चुका है। दरअसल, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दौरान 600 मीटर लंबे ओवरपास को बाद में स्वीकृति मिलने के कारण सिकरीगंज इंटरचेंज को चालू नहीं किया जा सका था। एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बावजूद यह इंटरचेंज बंद रहा, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। सिकरीगंज उतरने वाले यात्रियों को या तो आगे या पीछे के इंटरचेंज का सहारा लेना पड़ता था, जिससे अतिरिक्त दूरी और ज्यादा टोल टैक्स देना पड़ता था। कई बार जानकारी के अभाव में चालक सिकरीगंज से उतर जाते थे, जिससे फास्टैग से पूरे एक्सप्रेसवे का टोल शुल्क कट जाता था। अब इंटरचेंज के शुरू होने से यह समस्या समाप्त हो जाएगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे समय, ईंधन और रुपये की बचत होगी और क्षेत्र में आवागमन पहले से कहीं अधिक सुचारु हो सकेगा।