हरपुर बुदहट के कटसहरा कस्बे में मंगलवार की शाम 5.30 बजे दुकान बंद कर घर जा रहे आभूषण कारोबारी डॉ. उमानाथ वर्मा को बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट मेें असफल होने पर गोली मार दी। गोली उनके हाथ में लगी है। बदमाशों ने असलहे के बट से उनका सिर भी फोड़ दिया है। आसपास के लोगों के जुटने पर बदमाश फायर करते हुए देवरिया की ओर फरार हो गए।
सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ ही एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर गोली लगने से घायल उमानाथ को सहजनवां सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बार जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हरपुर बुदहट प्रतिनिधि से मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से चौरीचौरा निवासी डॉ. उमानाथ वर्मा हरपुर बुदहट के कटसहरा चौराहे पर किराए के कमरे में पत्नी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी कटसहरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। मकान के बगल स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल में उमानाथ ने आभूषण की दुकान खोल रखी है। मंगलवार की शाम करीब 5.30 बजे वह दुकान बंद कर बैग लेेकर घर जाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुुंचे।
दो बदमाश असलहा लिए बाइक से उतरे और उनके हाथ से बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने पहले असलहे के बट से वार कर उनका सिर फोड़ा और फिर गोली मार दी। दाहिने हाथ में गोली लगने से डॉ. उमानाथ वहीं गिर पड़े। इस दौरान आसपास के लोग जुटने लगे। लोगों को अपनी तरफ आता देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कारतूस और दो खोखे बरामद किए। जिला अस्पताल पहुंची उनकी पत्नी ने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश पति के हाथ से बैग छीन रहे थे। विरोध करने पर गोली मार दी और फायर करते हुए भाग गए। बताया कि बदमाश हेलमेट लगाए थे। सभी के हाथों में असलहे थे। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।