पुराना गोरखपुर मोहल्ले में इमामाबाड़ा के पास का रहने वाला मेराजुल सवेरा मैरिज हाउस संचालित करता था। सोमवार को ग्रीन सिटी के पास स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास अपनी भूमि पर निर्माण करवा रहा था। दोपहर 1:30 बजे के करीब बेटे को स्कूल से लेकर घर छोड़ा और फिर प्लाट पर हो रहे निर्माण कार्य को देखने अकेले ही गया था। घर लौटते समय जामियानगर में सड़क पर खड़े पांच युवकों ने मेराजुल को घेरकर दोपहिया वाहन रोक लिया और डंडे से हमला कर दिया। बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर भागा तो हमलावरों ने दौड़ाकर सिर पर ईंट से वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी ग्रीन सिटी की तरफ भाग निकले।
विवादित भूमि पर करा रहा था निर्माण
पुलिस का कहना है कि जिस भूमि पर मेराजुल निर्माण करा रहा था, उसको लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। कुछ फुटेज भी जुटाए हैं। इसके जरिए आरोपियों के पहचान की कोशिश की जा रही है।
पांच अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर हिस्ट्रीशीटर को घायल कर दिया था। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी सिटी