गोरखपुर महोत्सव को लेकर लग रहा है जर्मन हैंगर।
- पुस्तक मेला व विज्ञान प्रदर्शनी सहित बनाए जा रहे पंडाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। 11 जनवरी से शुरू होने वाले गोरखपुर महोत्सव को लेकर तैयारी तेज हो गई हैं। तारामंडल के चंपा देवी पार्क में होने वाले कार्यक्रम को लेकर जर्मन हैंगर लगना शुरू हो गया है। तेजी से पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।
चंपा देवी पार्क में पुस्तक मेला व विज्ञान प्रदर्शनी के पंडाल के साथ-साथ अन्य स्टॉलों को भी तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्य मंच को आकर्षक रूप देने का कार्य किया जा रहा है। लगभग तीन से चार दिनों में कार्यक्रम स्थल पर तैयारी पूरी हो जाएगी। पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर महोत्सव में लगभग 300 के आसपास स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें ओडीओपी सहित कामर्शियल व सरकारी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। कॉमर्शियल स्टॉल के लिए आवेदन आएं हैं। साथ ही लगभग 75 स्टॉल ओडीओपी के होंगे।
योजना के अनुसार मेले में गुजरात की प्रसिद्ध कशीदाकारी वाले परिधान विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। गोरखपुर महोत्सव के आगंतुकों को हस्तनिर्मित शिल्प की उत्कृष्टता का अनुभव होगा। इसके साथ ही मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। क्षेत्रीय पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। धरातल पर कार्य शुरू हुए हैं, यह तेजी से चल रहा है।