गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शर्मा गुट के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। ध्रुव 1935 मतों के अंतर से जीतकर तीसरी बार विधान परिषद पहुंचे हैं। इससे पहले ध्रुव ने 2008 और 2014 का शिक्षक एमएलसी का चुनाव जीता था। यह पहला मौका है, जब शिक्षक एमएलसी का चुनाव कोई प्रत्याशी तीसरी बार जीता है। दूसरे स्थान पर वित्त विहीन शिक्षक महासंघ के अधिकृत व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ ठकुराई गुट के समर्थित प्रत्याशी अजय सिंह रहे हैं। चुनाव के नतीजे शुक्रवार की सुबह घोषित किए गए।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में शुरू हुई थी। प्रथम वरीयता के 28 हजार से ज्यादा मतों की गणना दो राउंड में पूरी की गई लेकिन जीत-हार का फैसला नहीं हो सका। प्रथम वरीयता की गणना में ध्रुव को 8730 तो निकटतम प्रतिद्वंदी अजय सिंह को 7876 मत मिल सके। इसी चक्र से ध्र्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्णायक बढ़त बना ली थी।
सपा प्रत्याशी अवधेश यादव और कांग्रेस प्रत्याशी नागेंद्र दत्त त्रिपाठी कोई खास कमाल नहीं कर सके। इन प्रत्याशियों को करारी शिकस्त मिली है। तीसरे स्थान पर अटेवा समर्थित प्रत्याशी राजीव यादव रहे हैं। शर्मा गुट के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और वित्त विहीन शिक्षक संघ के प्रत्याशी अजय सिंह के बीच मुकाबला कांटे का दिख रहा था।
लिहाजा, गुरुवार की देररात से दूसरी वरीयता के मतों की गणना शुरू हुई। पहले कुछ घंटे तक शर्मा गुट के प्रत्याशी के बढ़त कम होती दिखी तो लगा कि मुकाबला रोचक हो जाएगा लेकिन कुछ देर बाद ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्णायक बढ़त बना ली, जो लगातार चलती रही।