18-19 वर्ष के 34 हजार वोटर करेंगे मतदान
जिले की मतदाता सूची में इस बार 18 और 19 वर्ष के 34116 वोटर हैं। इनमें शहर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4253 और सबसे कम 3128 वोटर खजनी विधानसभा क्षेत्र में है। कैंपियरगंज में 4010, पिपराइच 3779, ग्रामीण 4009, सहजनवां 3649, चौरीचौरा 3707, बांसगांव 3381 और चिल्लूपार में 4200 ऐसे वोटर हैं जिनकी उम्र 18 और 19 वर्ष है।
जिले में 256 नए बूथ और 24 मतदान केंद्र बढ़े
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक जिले में 256 नए बूथ और 24 नए मतदान केंद्र बढ़े हैं। पहले जिले में कुल बूथों की संख्या 3870 थी जो अब 4126 हो गई है। इसी तरह मतदान केंद्रों की संख्या पहले 2053 थी जो अब 2077 हो गई है। सबसे अधिक 50 बूथ बांसगांव जबकि सबसे कम आठ बूथ गोरखपुर शहर विधानसभा में बढ़े हैं। कैंपियरगंज में 42, पिपराइच में 23, ग्रामीण में 33, सहजनवां में 32, खजनी में 22, चौरीचौरा में 15, बांसगांव में 50, तथा चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में 31 बूथ बढ़े हैं। अब किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक वोटर नहीं नहीं है। पहले यह मानक 1500 वोटर का था।
पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट मौजूद
जिले के 4126 बूथ के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट भी मौजूद हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी जगनारायण मौर्य के मुताबिक भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के इंजीनियर सभी की जांच भी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 7386 बैलेट यूनिट(बीयू) और 5629 कंट्रोल यूनिट (सीयू) उपलब्ध है। इसी तरह 5791 वीवीपैट मौजूद हैं। प्रत्येक बूथ पर एक-एक बीयू, सीयू और वीवीपैट रखे जाएंगे। जहां प्रत्याशियों की संख्या 15 से अधिक होगी वहां दो बीयू रखे जाएंगे। एक बीयू में 15 प्रत्याशियों के नाम के अलावा एक बटन नोटा का होता है।सभी बूथों में मतदान की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी।