गोरखपुर जिले में लगातार तीसरे दिन भी कोरोना से कोई मौत न होेने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा 306 पर ठहर गया है। शुक्रवार को बीते 24 घंटों में 66 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें शहर के 29 और ग्रामीण क्षेत्र से 22 लोग हैं।
कैंट इलाके में सबसे अधिक 13 और गोरखनाथ में पांच लोग संक्रमित हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र से सबसे अधिक 10 मरीज चरगावां और उरूवा व खोराबार में 3-3 संक्रमित मिले हैं। जबकि अन्य जगहों से कुल 15 लोग संक्रमित पाए गए।
जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 18933 हो चुकी है। जबकि 17811 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 816 है। इसकी पुष्टि सीएमओ, डॉ. श्रीकांत तिवारी ने की। संक्रमितों में कमिश्नर कैंप कार्यालय के आठ कर्मी शामिल हैं। निजी अस्पतालों में भर्ती तीन, रेलवे अस्पताल व बीआरडी में एक-एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। अशोक नगर के एक ही परिवार के पांच लोग पाजिटिव मिले हैं। इनमें एक 70 वर्षीय बुजुर्ग, पांच व नौ वर्षीय दो बच्चे शामिल हैं।
अब किसी भी 50 वर्ष या इससे उपर या लक्षण वाले मरीज को होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं दी जा रही है। ऐसे मरीजों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। ताकि तबीयत अधिक बिगड़ने पर इलाज तुरंत उपलब्ध कराया जा सके। विभागीय अनुमान के मुताबिक इसी कारण संक्रमितों की मौत की रोकथाम हो सकी है।