गोरखपुर में कोरोना मरीजों की संख्या 24 घंटे के अंदर फिर से 100 के पार पहुंच गई है। मंगलवार को 133 नए मरीज मिले हैं। साथ ही पांच मरीजों की मौत भी हुई है। करीब एक सप्ताह बाद 24 घंटे में इतने संक्रमितों की मौत हुई है। सोमवार को 67 मरीज मिले थे। मौजूदा समय में जिले में संक्रमितों की संख्या 18247 हो गई है। इनमें 16559 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 1388 रह गए हैं। मरने वालों की संख्या 300 हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मिले संक्रमितों में नौ साल का एक बालक भी शामिल है, जो चरगांवा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो कर्मी, तारामंडल में एक ही परिवार के तीन लोग, आवास विकास कॉलोनी में एक पांच साल का मासूम, मालवीय नगर में एक ही परिवार के तीन लोग, चिलमापुर में एक ही परिवार के दो लोग, कूड़ाघाट में एक ही परिवार के दो लोग, मोहद्दीपुर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच लगातार की जा रही है।
शहर में 87 और ग्रामीण क्षेत्रों में मिले 44 नए मरीज
शहर में 87 नए मरीज मिले हैं। इनमें कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 28 मरीज शामिल हैं। इनके अलावा तिवारीपुर और चिलुआताल में दो-दो, गुलरिहा में तीन, रामगढ़ताल क्षेत्र में चार, कोतवाली और राजघाट में पांच-पांच, गोरखनाथ 18 और शाहपुर में 20 मरीज मिले हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में 44 नए मरीज मिले हैं। इनमें पाली, सहजनवां, पिपराइच और बड़हलगंज में एक-एक, भटहट, ब्रह्मपुर, गोला, सरदारनगर, पिपरौली और गोला में दो-दो, गगहा चार, खजनी और खोराबार में सात-सात और चरगांवा 12 मरीज मिले हैं। इनके अलावा दो मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।