दीवानी कचहरी परिसर में निरीक्षण करते एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
दीवानी कचहरी परिसर में पुलिस की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। पहले जहां दस से पंद्रह पुलिसकर्मी तैनात होते थे वहीं अब एक थाने के बराबर फोर्स लगाने का फैसला किया गया है। इसके अलावा हर गेट पर सशस्त्र पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी। छोटे गेट से इंट्री होगी और आने जाने वाले हर शख्स की जांच होगी। जल्द ही वहां पर स्कैनर भी लग जाएगा जिसके बाद जांच की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। फिलहाल पिछले गेट पर बैरीकेडिंग कराकर जांच की जाएगी।
बृहस्पतिवार को जिला जज की मौजूदगी में डीएम और एसएसपी की बैठक में यह फैसला लिया गया। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के कुछ जिलों में इन दिनों आपराधिक गतिविधि सामने आने के बाद सुरक्षा को और पुख्ता करने का फैसला किया है। इसी क्रम में गत दिनों डीएम, एसएसपी ने जांच कर पिछले गेट पर स्कैनर लगाने का फैसला किया था। अब फिर से सुरक्षा का प्लान तैयार कर कवायद शुरू कर दी गई है।
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि हर गेट पर अब सशस्त्र पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पहले महज दस से पंद्रह की संख्या में ही पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगती थी लेकिन अब एक थाना के बराबर फोर्स की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं कि हर आने जाने वाले की जांच हो सके। पिछले गेट पर बैरीकेडिंग लगाकर जांच होगी। जल्द ही वहां पर स्कैनर व अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे।