उत्तर प्रदेश में आज छठे चरण की वोटिंग हो रही है। बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर में मतदान जारी है। जिले के हर बूथों पर शांति से मतदान किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठवें चरण के चुनाव के दौरान निश्चित मतदान की अपील की है। मुख्यमंत्री का कहना है कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। इसमें आप सबकी सहभागिता अनिवार्य है। एक-एक मत अमूल्य है। आपका हर मत उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश की प्रगति को नई दिशा देने वाला है। गोरखपुर 7.6 और देवरिया में 8.4 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इसे भी पढ़ें: वोट डालने के बाद सीएम योगी बोले-80 फीसदी सीटें जीतकर भाजपा बनाएगी रिकॉर्ड
2531 बूथों की हर गतिविधि का सजीव प्रसारण
गोरखपुर में मतदान को लेकर जिले के 2531 बूथों की हर गतिविधि कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम और रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में दिखाई पड़ रही है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रवार दो-दो एलसीडी टीवी लगाई गई है। एक-एक टीवी रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में लगाई गई है। यही नहीं, केंद्रीय निर्वाचन आयोग और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय से भी कोई अधिकारी सीधे इन बूथों पर नजर रखा जा रहा है।
वेबकास्टिंग की व्यवस्था के संचालन के लिए डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि 1723 कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। डीपीआरओ ने बताया कि कैंपियरगंज के 277, पिपराइच के 312, गोरखपुर शहर के 294, गोरखपुर ग्रामीण के 276, सहजनवां के 273, खजनी के 274, चौरीचौरा के 220, बांसगांव के 277 और चिल्लूपार के 310 बूथों पर होने वाले मतदान की हर गतिविधियों का सजीव प्रसारण हो रहा है।
नौ बजे तक 7.67 फीसदी मतदान, सबसे आगे चौरीचौरा
छठे चरण के लिए गोरखपुर में मतदान गुरुवार को सुबह सात बजे से शुरू हो गया। नौ बजे तक जिले में 7.67 मत पड़े। इसमें सबसे अधिक मतदान चौरीचौरा में हुआ। यहां 8.66 फीसदी मत पड़े जबकि बांसगांव में सबसे कम 6.50 फीसदी वोटिंग हुई। सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में कई बूथों पर लम्बी कतारें लगी थीं तो कहीं महज दो से तीन वोटर ही थे। हालांकि 9 बजे के बाद लगभग हर बूथ पर वोटरों की संख्या बढ़ती जा रही थी। करीब 10 बूथों पर ईवीएम की खराबी से मतदान 30 से 1 घंटे देर से शुरू हुआ। कुछ जगहों पर मोबाइल औए बिना मास्क के पहुँचने पर वोटर, बूथ से लौटाए भी गए। हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी बूथों पर संदेश भेजा कि किसी को बूथ से लौटाया न जय। लोगों के मोबाइल बाहर ही जमा करा लिए जाय।
चंद्रशेखर ने डर कर नहीं डटकर वोट करने की अपील की
गोरखपुर के इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने वोटरों से डर कर नहीं डटकर वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता अहंकार के खिलाफ मतदान कर रही है। गोरखपुर में जलभराव, टूटी सड़कों की समस्या उठाई गई है।
गोरखपुर में शाम पांच बजे तक 53.90 फीसदी मतदान हुए
320 कैम्पियरगंज - 57.75 फीसदी
321 पिपराइच - 57.50 फीसदी
322 गोरखपुर शहर- 51.98 फीसदी
323 गोरखपुर ग्रामीण - 54.75 फीसदी
324 सहजनवां - 55.45 फीसदी
325 खजनी - 51.76 फीसदी
326 चौरी चौरा - 52.17 फीसदी
327 बासगांव - 49.34 फीसदी
328 चिल्लूपार - 52.07 फीसदी
आगे की स्लाइड्स में पढ़ें अन्य जिलों की पूरी अपडेट...
सिद्धार्थनगर जिले की कपिलवस्तु विधानसभा के अंतर्गत जोगिया इलाके के संगलदीप बूथ पर मतदाताओं का मतदान से इनकार।
- फोटो : अमर उजाला।
सिद्धार्थनगर जनपद में सकुशल शुरू हुई वोटिंग
सिद्धार्थनगर पांच विधानसभा सीटों वाले जनपद सिद्धार्थनगर में सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। धीरे धीरे बूथों पर मतदाता पहुंचने लगे हैं। सुबह में युवा वोटरों में उत्साह देखने को मिल रहा है। सबसे पहले मतदान केंद्रों पर युवा मतदाता पहुंचना शुरू कर दिए हैं। कई स्थानों पर वोट डालने के बाद मतदाता उत्साह से भरे नजर आए। पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा। उनका कहना था कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हमने वोटिंग किया है। जिले के 1615 मतदान केंद्रों के 2458 बूथ पर वोट डाले जा रहे हैं। मास्क लगाकर मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बूथों पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं सकुशल मतदान कराने के लिए अधिकारी भी क्षेत्र का भ्रमण करने में लगे हैं। आज शाम तक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा।
मतदाताओं की लंबी कतार लगी
सिद्धार्थनगर जिले की कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 145 पर वोटिंग करने के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। धूप होने के बावजूद मतदाता वोट डालने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। साथ ही सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम बूथ पर किया गया है।
मतदाताओं में दिख रहा गजब का उत्साह
मतदान करने के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 7:00 बजे वोटिंग शुरू होने के साथ ही बूथों पर वोटरों की भीड़ देखने को मिल रही है। मतदान शुरू होने से पहले कई बूथों पर लाइन लग गई। अपनी बारी के इंतजार में मतदाता लाइन में खड़े देखे जा रहे हैं। उनमें मतदान करने को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है। कई मतदाताओं का यह कहना है कि पहले मतदान कर लिया जाए, इसके बाद जलपान जरूरी होगा। क्योंकि यह लोकतंत्र का पर्व है और लोकतंत्र का पर्व हमेशा नहीं आता है। ना ही इसमें सहभागी बनने का अवसर मिलता है। इसलिए पहले मतदान को प्राथमिकता दी जा रही है फिर जलपान और भोजन की बारी आएगी। मतदाताओं का यह उत्साह बता रहा है कि जिले में मतदान प्रतिशत बहुत अच्छा जाएगा जो अच्छा धनादेश के रूप में प्रमाणित करेगा।
इसे भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में एएसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान, पांचों विधानसभा में शांति से डाले जा रहे वोट
मतदान के लिए लाइन में लगे डुमरियागंज विधायक
डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी व हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह मतदान के लिए सुबह पोलिंग स्टेशन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शाहपुर पहुंचे। यहां मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई थी, विधायक राघवेंद्र सिंह बिना देरी किए लाइन में खड़े हो गए और अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। उन्हें वोट डालने के लिए लाइन में खड़ा देख मतदाता में भी उत्साह बढ़ गया।
बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी ने पत्नी के साथ किया मतदान
लोकतंत्र के महापर्व में सूबे के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉक्टर सतीश चंद्र द्विवेदी जो कि इटवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हैं। उन्होंने पत्नी के साथ अपने गांव स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। बाहर निकलने के बाद खुशी व्यक्त की। मतदान के महापर्व में सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान अहम है, सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, जिससे लोकतंत्र मजबूत हो और एक अच्छी सरकार बने।
सिद्धार्थनगर में एएसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान
सिद्धार्थनगर जिले की पांच विधानसभा सीटों पर सुबह 7:00 बजे से मतदान जारी है। सुरक्षा की जानकारी लेने के लिए और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए एएसपी सुरेश चंद्र रावत, एडीएम उमाशंकर सिंह लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। वह डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के खोरिया समेत कई मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद एएसपी सुरेश चंद रावत सुरक्षाकर्मियों को निष्पक्ष और भयमुक्त होकर निष्ठा से मतदान कराने के लिए निर्देशित किया
जगदंबिका पाल ने किया मतदान
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में सिद्धार्थनगर में मतदान किया। जगदंबिका पाल ने कहा कि आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा दिन है, मेरी सबसे अपील है कि मतदान करें।
संगलदीप बूथ पर मतदान का बहिष्कार
सिद्धार्थनगर जिले की कपिलवस्तु विधानसभा के अंतर्गत जोगिया इलाके के संगलदीप बूथ पर मतदाताओं ने विकास कार्य नहीं होने के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया है। बूथ पर 590 मतदाता है जिनमें सुबह 10 बजे तक तीन वोट पड़े हैं।
बस्ती में मॉकपोल के बाद शुरू हुआ मतदान
बस्ती जिले के विधानसभा चुनाव के छठें चरण के लिए जिले में वोटिंग बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से जारी है। पहले मॉक पोल हुआ, इसके सकुशल पूर्ण होने के बाद मतदान शुरू हुआ। कुल 2470 बूथों पर 19 लाख आठ हजार 43 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बूथ बदलने की वजह से मतदान का विरोध
बस्ती सदर विधानसभा 310 बरडाड़ के बूथ संख्या 361, 62, 63 के मतदाताओ ने बूथ बदलने की वजह से मतदान का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि हम लोगों का वोट पंचायत भवन पर पड़ता था, जो सुकाली पुरवा कर दिया गया। इसी वजह से ग्रामीण नाराज है। ग्रामीणों का कहना है जहां 300 वोट है, वहां पर बूथ बना दिया गया,जबकि यहां एक हज़ार वोट है।
बस्ती में कई बूथों पर ईवीएम खराब
बस्ती जिले के बूथ संख्या 418 हर्रैया में ईवीएम खराब हो गई है। आधे घंटे से वोटिंग ठप पड़ी है। बस्ती जिले की रुधौली 309 के बूथ संख्या 518 पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान प्रभावित रहा। सपा ने ट्वीट करते हुए शिकायत की है कि गोरखपुर जिले की खजनी 325 के बूथ संख्या 67 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई है। बलरामपुर जिले की बलरामपुर 294 के बूथ संख्या 373 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई है। चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की गई है।
वहीं, इस बार मतदान करने आए वोटरों के लिए कुछ खास बूथ बनाए गए हैं, जो आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जिले के एक मॉडल बूथ को गुब्बारों से बेहतरीन तरीके से सजाया गया है। साथ ही इस बूथ पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। वोट करने आए मतदाता सेल्फी लेते दिखाई दिए। मॉडल बूथ पर लोगों के बैठने के लिए वेटिंग एरिया बना है। वेटिंग एरिया में लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां रखी गई हैं।
पहली बार वोट डालने वालों का पहला अनुभव यादगार रहे, उसके भी इंतजाम किए गए हैं। उन्हें कार्ड दिया जा रहा है। बस्ती की डीएम सौम्या अग्रवाल ने बताया कि हम चुनाव को एक पर्व की तरह मना रहे हैं। लोग खुशी के माहौल में आ रहे हैं। उनके लिए वेटिंग एरिया बना हुआ है।
मतदान के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। चुनाव को लेकर जिले में 2470 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से पांच सखी व 56 मॉडल बूथ हैं। साथ ही सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई है। लगातार निगरानी की जा रही है। डीएम ने अपील की है कि अधिक संख्या में लोग वोटिंग के लिए आएं।
महराजगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान, कुछ जगहों पर ईवीएम ने दिया धोखा
पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव में जिले के 19,42,107 मतदाता अपना रहनुमा चुनेंगे। बृहस्पतिवार सुबह से ही बूथों पर लाइन लगी हुई हैl कुछ जगहों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी हुई, लेकिन उसे दूर कर ली गईl
ज़िले में पुरुष वर्ग के 10,26,061, महिला वर्ग की 9,15,953 तथा थर्ड जेंडर के कुल 93 मतदाता हैं। बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैंl
बूथों पर जाने के दौरान सुरक्षाकर्मी लोगों को मास्क लगाने और मोबाइल बाहर रखने की अपील कर रहे हैंl इसे लेकर कुछ लोगों ने विरोध भी जताया है, लेकिन सख्ती की वजह से उनकी एक न चलीl शहर में बने बूथों पर प्रतीक्षालय भी बनाया गया हैl इसके अलावा सेल्फी प्वाइंट भी हैl जिले में मतदान के लिए लोगों में उत्साह हैl जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है l सभी अधिकारी दायित्व के प्रति सतर्क हैंl
इसे भी पढ़ें: मतदान के दौरान सरहद पर खड़ी रही भारत-नेपाल मैत्री बसें, जानिए क्या है वजह
बढ़ती उम्र के साथ गहरी हुई लोकतंत्र की मजबूती में आस्था
महराजगंज जिले में मतदान के दौरान बुजुर्गों में उत्साह दिखाई दिया। बढ़ती उम्र के साथ ही लोकतंत्र की मजबूती में उनकी गहरी आस्था भी दिखी। लड़खड़ाते कदमों से बूथों की ओर पूरे जज्बे के साथ पहुंचे, तो सुरक्षा कर्मियों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। एनसीसी स्काउट गाइड ने भी पूरा सहयोग किया। बूथों पर मतदान के दौरान कोई असुविधा न हो, इसका पूरा इंतजाम किया गया था। नौतनवां विधानसभा के बूथ संख्या 53 में मतदान करने हरदीडाली गांव के रामसेवक (73) अपनी पत्नी सलहंता के साथ पहुंचे। पति-पत्नी दोनों ने बताया कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करना चाहिए। देश एवं प्रदेश की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है।
नंबर मैच नहीं कर रही ईवीएम मशीन
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर शिकायत की है कि महाराजगंज जिले की सिसवा विधानसभा 317 के बूथ नंबर 33 पर ईवीएम मशीन नंबर मैच नहीं कर रही है। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने की कृपा करें।
कुशीनगर में मतदान।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर: खेसिया गांव में ईवीएम में खराब होने से आधा घंटा बाद मतदान हुआ शुरू
कुशीनगर जिले की सदर विधानसभा सीट (पडरौना) के खेसिया गांव के बूथ संख्या 90 पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान आधी घंटा देरी से शुरू हुआ।
इसे भी पढ़ें: कुशीनगर में ग्रामीणों ने मतदान से किया इनकार, बोले- पुल नहीं तो वोट नहीं
मतदान का बहिष्कार
कुशीनगर जिले के तमकुहीराज विधानसभा के पिपरा घाट बूथ संख्या 320,321,322, पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। यहां सुबह 10 बजे तक एक भी मतदान नहीं पड़ा है, ग्रामीण मतदाता बहिष्कार कर रहे है।
आदर्श मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर नहीं होने से बुजुर्ग मतदाता परेशान
कुशीनगर के जूनियर हाई स्कूल बालवाड़ी कसया की आदर्श मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर नहीं होने की वजह से बुजुर्ग मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। 95 वर्षीय मतदाता बनारसी देवी परिजनों के साथ पैदल मतदान के लिए पहुंची। वहीं, बस्ती के कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्र के बैरागल मतदान केंद्र पर दिव्यांग मिजान अहमद ने वोट डाला।
पूर्व विधायक ने किया मतदान
कुशीनगर जिले में भाजपा नेता व पूर्व विधायक नारायण उर्फ भुलई भाई ने मतदान किया। वहीं, दिव्यांग राजन ने सदर विधानसभा क्षेत्र के पडरौना स्थित प्राथमिक विद्यालय कन्नौजिया वार्ड में विकास के नाम पर मतदान किया।
देवरिया में है सबकी नजर
विधानसभा चुनाव में सात सीटों के 80 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला तीन मार्च को 23 लाख 61 हजार 780 मतदाता (2361780) मतदाता करेंगें। इस बार की चुनावी जंग दिलचस्प है। दो मंत्रियों, सीएम के मीडिया सलाहकार सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।
राजनीतिक दलों के बीच तकरीबन एक माह से चुनावी शोर चल रहा था। प्रत्याशी एवं पार्टियां खुद को बेहतर साबित करने में अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं। पीएम मोदी, सीएम योगी, पूर्व सीएम अखिलेश, कांग्रेस की प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं की सभाएं हो चुकी हैं। लेकिन असली परीक्षा तीन मार्च को होगी, जीत का दावा तो सभी कर रहे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय मतदाताओं के हाथ में है। जिसका खुलासा दस मार्च को मतगणना के बाद होगा। देवरिया सदर से 12, रूद्रपुर से 14, रामपुर कारखाना 11, भाटपाररानी 10, सलेमपुर 07, पथरदेवा 14, बरहज से 12 प्रत्याशियों की नैया मतदाता पार लगाएंगें।
सलेमपुर विधान सभा के बूथ 21, 22 पर ईवीएम खराब
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि गोरखपुर जिले की कैंपियरगंज विधानसभा-320 के बूथ नंबर-460, 461 पर चैलेंज वोट डालने से पीठासीन अधिकारी रोक रहे हैं। देवरिया जिले की सलेमपुर विधान सभा-341 के बूथ नंबर- 21, 22 पर ईवीएम खराब है मतदान कार्य बाधित है सपा ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।
डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन कंट्रोल रूम का निरीक्षण
देवरिया में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन कंट्रोल रूम का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीआईजी/पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन कंट्रोल रूम में सातों विधानसभा क्षेत्र के 1200 से अधिक पोलिंग स्टेशन की वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
रुद्रपुर कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह ने मतदान किया। इसके अलावा, पथरदेवा विधानसभा के बसपा प्रत्याशी परवेज आलम ने अपने गांव करजहा में मतदान किया। फाजिलनगर से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र कुशवाहा ने भी अपने गांव के बूथ पर मतदान किया। बसपा प्रत्याशी संतोष बेलदार ने विधानसभा क्षेत्र धनघटा की ग्राम सभा भरवल पर्वता के बूथ पर अपने मत का प्रयोग किया।
संबकबीर नगर कई बूथों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित
संबकबीर नगर जिले की बूथ संख्या 207 मतदान स्थल तिलकूपुर का ईवीएम 80 वोट पड़ने के बाद सुबह 8:00 बजे खराब हो गई। इसके चलते मतदान प्रभावित हो गया। मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 156 प्रथमिक विद्यालय बरगदवां खुर्द में एक घंटे से मतदान बंधित है। वहीं, परसहर मतदान केंद्र के बूथ संख्या 7 पर ईवीएम खराब होने के कारण एक घंटे बाद मतदान शुरू हुआ।
मतदाताओं को सैनिटाइज करके गलैब्स दे रहीं हैं आशा बहू कार्यकर्ता
संतकबीर नगर जिले में बूथ संख्या 202 पर आशा बहू कार्यकर्ता वोटिंग के पहले मतदाताओं को सैनिटाइज करके गलैब्स दे रहीं हैं। वहीं, मतदान केंद्र के बाहर वोटर लिस्ट में अपना नाम तलाशने के लिए लोग भीड़ लगाए हैं।
ईवीएम खराब होने की वजह से एक घंटे बाधित रहा मतदान
संतकबीर नगर जिले की मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 156 प्रथमिक विद्यालय बरगदवां खुर्द में मशीन खरब होने की वजह से एक घंटे से मतदान बाधित रहा। बनकटा ब्लॉक के बतरौली गांव में बूथ संख्या 319 में इवीएम खराब होने से 20 मिनट मतदान प्रभावित हुआ। अहिरौली बघेल बूथ संख्या 269 पर इवीएम खराब हो गई, जिसके कारण मतदान रूक गया।