अयोध्या में सावन मेले और कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गोरखपुर-अयोध्या फोरलेन पर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। यह डायवर्जन बृहस्पतिवार-शुक्रवार रात 12 बजे से लागू किया गया है। जो 22 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ के दबाव को देखते हुए यह तात्कालिक निर्णय लिया गया है। इसमें गोरखपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बड़ेवन व पॉलीटेक्निक चौराहे से डुमरियागंज होते हुए गोंडा की तरफ मोड़ दिया जा रहा है। आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियंत्रित तरीके आने-जाने दिया जाएगा।
अयोध्या कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि 17 अगस्त की रात से बाराबंकी बॉर्डर से हाइवे को डायवर्ट किया गया है। अयोध्या में सावन और कावड़ मेला को देखने के लिए पूर्वांचल समेत कई जिलों के श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। ऐसे में संतकबीरनगर और अयोध्या से रूट डायवर्ट कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: फैमिली आईडी कार्ड: न सरकार को फिक्र न लोगों को, नतीजा-रफ्तार सुस्त
गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को संतकबीरनगर से धनघटा होते हुए कलवारी टांडा से होकर लखनऊ के लिये भेजा जा रहा है। जबकि लखनऊ से गोरखपुर वाले वाहनों को अयोध्या बाराबंकी बॉर्डर से होकर नबावगंज, कर्नेलगंज होकर भेजा जा रहा है।
छोटे वाहन और आवश्यक सामग्री वाहन, एंबुलेंस, शव वाहन सहित कई वाहनों पर सहूलियत दिया गया है। एनएचएआई के आरई ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया अयोध्या में सावन मेला और कावड़ मेले में काफी भीड़ होने के चलते हाइवे को डाइवर्ट किया गया है।