गोरखपुर के एम्स में एमबीबीएस के चार विद्यार्थियों की परीक्षा कोरोना संक्रमित होने के कारण 45 दिन बाद कराई जाएगी। वहीं 10 दिन पूर्व संक्रमित हुए चार छात्रों की परीक्षा अलग कमरे में बैठाकर ली जा रही है। संक्रमण की वजह से सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है।
वहीं 12 छात्र परीक्षा उपस्थिति पूरी न होने के कारण परीक्षा से वंचित हो रहे हैं। ऐसे में उनका पूरा साल खराब हो रहा है। एम्स प्रशासन ने पहले 80 फीसद ऑनलाइन उपस्थिति वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी थी। उस समय 20 छात्र परीक्षा से वंचित हो रहे थे। बाद में इसे 75 फीसदी कर दिया गया। इससे आठ और छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति मिल गई।
12 छात्रों की उपस्थिति 75 फीसद से नीचे थी। इसलिए उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा। परीक्षा एक अक्तूबर से शुरू हो चुकी है। 13 अक्टूबर को समाप्त होगी। कुल 50 छात्रों में से 34 परीक्षा दे रहे हैं। उप चिकित्सा अधीक्षक व मीडिया प्रभारी गौरव गुप्ता ने बताया कि जितना संभव था छात्रों को सहूलियत दी गई है। अब इसमें कोई भी बदलाव संभव नहीं है।