गोरखपुर। 22 दिनों से बंद पड़ा गोरखनाथ फीडर आखिरकार मुख्य अभियंता की फटकार के बाद चालू हो गया। फीडर बंद होने का मामला बुधवार को मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल के संज्ञान में आया था। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर जोन-दो के मुख्य अभियंता अंजनी कुमार शुक्ला के साथ मौके का निरीक्षण किया। मुख्य अभियंता के निरीक्षण के बाद खंड से लेकर उपकेंद्र तक के अभियंता हरकत में आए और फीडर को दुरुस्त कराकर आपूर्ति शुरू कराई गई।
दरअसल, एफसीआई उपकेंद्र से जुड़ा गोरखनाथ फीडर 11 अगस्त से तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ा था। 22 दिन बीतने के बाद भी फीडर की खराबी दूर नहीं की गई थी। इसके बजाय राप्तीनगर उपकेंद्र के पहले से ही ओवरलोड भगवानपुर फीडर से गोरखनाथ क्षेत्र में वैकल्पिक बिजली आपूर्ति कराई जा रही थी। इससे भगवानपुर फीडर पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा था। मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और फीडर को इतने लंबे समय तक बंद रखने पर संबंधित अभियंताओं से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फीडर चालू करने में देरी के लिए संबंधित अभियंताओं को सख्त चेतावनी दी गई है। भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आने पर निश्चित कार्रवाई की जाएगी।