- गुड्स शेड से फोरलेन जाने के लिए बनाई जाएगी सड़क
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पिपराइच और उनौला स्टेशन के बीच बेहतर सुविधाओं के साथ नया गुड्स शेड बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई है। इस शेड्स को फोरलेन से जोड़ा जाएगा ताकि गाड़ियां माल लेकर निकल सकें। भविष्य में यहां सीमेंट की रेक जाएगी। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने दो दिन पहले निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
इस गुड्स शेड में 750 मीटर लंबा रनिंग लाइन बनाया जाएगा। इस लाइन पर 700 मीटर लंबा तथा 20 मीटर चौड़ा रैक हैंडलिंग प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा। गुड्स शेड को पिपराइच से थोड़ा दूर गोरखपुर की तरफ बनाया जा रहा है ताकि शहर के ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। इस शेड में हाईमास्ट लाइटिंग, श्रमिक शेल्टर, व्यापारी कक्ष, पेयजल, टॉयलेट्स की सुविधा के साथ साथ 10 मीटर चौड़ा एप्रोच रोड की सुविधा दी जा रही है ताकि भारी वाहनों (बड़े ट्रैकों) का आवागमन सुविधाजनक तरीके से हो सके। गुड्स शेड में इन्वार्ड तथा आउटवर्ड दोनों ही तरह के मालगाड़ी रैकों को हैंडल करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इस गुड्स शेड में फूडग्रेंस, फर्टिलाइजर, सीमेंट, स्टोन चिप्स सहित कई अन्य सामग्रियों के रैकों को हैंडल किया जा सकेगा।