अब इस तरह दिखेगा स्टेशन आने से पहले यार्ड का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला।
जल्द ही रेलवे स्टेशन के करीब आते ही ट्रैक व आसपास के स्थानों पर नजारा बदला मिलेगा। रेलवे ट्रैक साफ-सुथरा चमकते दिखेंगे, खाली जगहों पर हरियाली नजर आएगी। इसके लिए यार्ड को चमकाने की योजना बनी है। गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ आदि स्टेशनों पर जल्द ही काम शुरू होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन भवन के सुंदरीकरण के बाद अब यार्ड को साफ-सुथरा बनाने की कवायद शुरू की है। इज्जतनगर मंडल के काठगोदाम, काशीपुर, पीलीभीत आदि स्टेशनों पर काम पूरा हो गया है। जल्द ही गोरखपुर जंक्शन पर काम शुरू होगा।
योजना के मुताबिक यार्ड में दोनों तरफ फूल-पत्तियां लगाई जाएंगी। सफाई के लिए विशेष अभियान चलेगा। रेलवे ट्रैक को भी सफेद व गेरुआ से रंगा जाएगा। हरियाली कायम रहे इसके लिए मॉनिटरिंग सेल बनाया जाएगा। जिसमें पर्यवेक्षक से लेकर अधिकारी तक की भूमिका रहेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रमुख स्टेशनों के अप्रोच के सुंदरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य है कि स्टेशन के आने से पूर्व यात्री ट्रेन से बाहर की ओर देखें तो उन्हें अच्छी अनुभूति हो। इससे स्वच्छता बढ़ने के साथ-साथ वातावरण भी अच्छा होगा।