ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के समापन के मौके पर जिले में आयोजित जिला स्तरीय निवेश में 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव मिला है। रमाशंकर शुक्ल ने 50 करोड़ के नए निवेश का एमओयू साइन किया है। जबकि, कंचन विद्यार्थी ने रेडीमेड गारमेंट की ट्रेडिंग के लिए भी 50 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस बीच लखनऊ में आयोजित जीआईएस के समापन का सजीव प्रसारण भी एनेक्सी भवन में हुआ।
उद्योग विभाग की ओर से समापन समारोह से पहले से प्रस्तावित जिला उद्योग बंधु की बैठक नहीं हो सकी है। समापन समारोह में मौजूद उद्यमियों ने लखनऊ से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। राष्ट्रपति के संबोधन पर जबरदस्त तालियां एनेक्सी भवन में बजी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश को नए भारत का ग्रोथ इंजन कहा तो उद्यमियों ने उसका खुले दिल से स्वागत करते हुए तालियां बजाई। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्वांचल में नौ लाख करोड़ से अधिक, जबकि बुंदेलखंड में चार लाख करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव मिला हुआ है। संबोधन समाप्त होने के बाद लखनऊ के साथ ही यहां उपस्थित लोगों ने भी राष्ट्रगान गाया।
इसके बाद दोनों उद्यमियों ने प्रशासन के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया। समापन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एनेक्सी भवन में लगे छह स्टालों की प्रदर्शनी देखी। इसमें खादी विभाग के कपड़ों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस दौरान ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, गीडा के सीईओ पवन अग्रवाल, चैंबर आफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विष्णु अजीतसरिया, पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल, महासचिव प्रवीण मोदी, उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्रा मौजूद रहे।