गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के महदेवा बाजार में घर में घुसकर चोरी करने वाली युवती पकड़ी गई। उसके पास से सोने-चांदी के गहने बरामद हुए। पुलिस उसके दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
सिकरीगंज के महदेवा बाजार गांव की मीरा देवी गोरखपुर शहर में लोगों के घरों में बर्तन माजकर आजीविका चलाती हैं। उनकी जान पहचान तिवारीपुर, माधोपुर काली मंदिर निवासी बबलू की पत्नी पिंकी संग हो गई थी। 26 मई 2022 को मीरा के नाती सथक का जन्मदिन था। उसमें शामिल होने के लिए पिंकी की बेटी खुशी (20) भी मीरा के घर गई। आरोप है कि मीरा के परिवार के लोग जन्मदिन के कार्यक्रम में व्यस्त थे। तभी खुशी उनकी आलमारी में रखे पांच हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के गहने चुराकर भाग गई। बाद में उसने गीडा के खानिमपुर निवासी सतीश को गहने दे दिए। मीरा ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने खुशी, उसकी मां पिंकी और सतीश के खिलाफ चोरी और जानमाल की धमकी का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू की। सोमवार को पुलिस ने खुशी को गिरफ्तार करके उसके पास से चोरी के गहने, आधार कार्ड, एसबीआई का परिचय पत्र, पैन कार्ड और हैंडपर्स बरामद किया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य दो अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।