गोरखपुर। मृतक उपभोक्ताओं के नाम से गैस कनेक्शन ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया में देरी हो रही है। हफ्तों पहले सारे कागजात जमा करने के बाद भी कनेक्शन ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते गैस सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहे हैं। शहर की गैस एजेंसियों पर मृतक उपभोक्ताओं के कनेक्शन ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया में देरी के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
जिन एजेंसियों के लाइसेंस निरस्त हो गए हैं उनके उपभोक्ताओं की परेशानी कुछ ज्यादा है। नौसड़ के रामनारायण यादव पहले कन्हैया गैस एजेंसी के उपभोक्ता थे। उनकी माता का गैस कनेक्शन ट्रेडिंग इंडेन गैस एजेंसी में ट्रांसफर हो गया है। अब वह माता का कनेक्शन पत्नी के नाम से ट्रांसफर कराने के लिए तीन अप्रैल को सारे दस्तावेज एजेंसी पर जमा कर दिए। अभी तक कनेक्शन ट्रांसफर नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि घर का गैस सिलिंडर 15 दिन से खाली पड़ा है। किसी तरह दूसरे से सिलिंडर लेकर काम चल रहा है।
तिवारीपुर के भाष्कर त्रिपाठी ने बताया कि कनेक्शन ट्रांसफर कराने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में भाग-दौड़ करना पड़ा। एजेंसी पर आठ अप्रैल को सभी कागजात जमा कर दिए लेकिन अभी तक कनेक्शन ट्रांसफर नहीं हो पाया। बिना ट्रांसफर के केवाईसी भी नहीं होगी। इसके चलते सिलिंडर की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि समय पर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराएं। ट्रांसफर वाले आवेदन को पहले प्राथमिकता दी जाए।