गोरखपुर जिले में चौरीचौरा पुलिस ने कुशीनगर जिले के तीन शातिर चोरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई है। तीनों गिरोह बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस उन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए संपत्ति का ब्यौरा भी जुटा रही है।
एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि चौरीचौरा के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह हमराहियोंं के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में थे। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपरपाती बढ़या खुर्द निवासी मुन्ना यादव, दिनेश प्रसाद व देऊर चौराहा सुकरौली निवासी शैलेष पासवान शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनका संगठित गिरोह है। गिरोह सरगना मुन्ना यादव है। ये क्षेत्र में चोरी-नकबजनी की घटना जैसे अपराध को अंजाम देते हैं। इनका भय व आतंक व्याप्त है। इन पर कोई भी व्यक्ति केस लिखाने व गवाही देने का साहस नहीं कर पाता है।
इसे भी पढ़ें: चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर गोरखपुर में पूजा-पाठ जारी, लोगों ने पढ़ा हनुमान चालीसा
एसपी नार्थ ने बताया कि तीनों शातिरों का आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट के पास गिरोह चार्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रेषित किया गया था। जिला मजिस्ट्रेट ने 19 अगस्त को अनुमोदन कर दिया। गिरोह के सरगना व उसके गुर्गों की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तीनों पर धारा 3 ( 1 ) उप्र गिरोह बंद निवारण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई की गई है।