पुलिस के गिरफ्त में आरोपी। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के शाहपुर इलाके में कस्टम अधिकारी बनकर और कैंट से अगवा कर नौसड़ के पास स्वर्ण व्यापारियों से लूट करने के आरोपी दरोगा, सिपाही समेत सात आरोपियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई है। डीएम के आदेश पर कैंट पुलिस ने कार्रवाई की है।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने शुक्रवार की रात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। सिकरीगंज का रहने वाला दरोगा गिरोह का सरगना है। आरोपी दरोगा-सिपाही और उनके सहयोगी गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज, गाजीपुर, मऊ, लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक कैंट सुधीर सिंह ने दिए तहरीर में लिखा है कि सिकरीगंज, जगरनाथपुर के रहने वाले बर्खास्त दरोगा धर्मेंद्र सिंह, बर्खास्त सिपाही गाजीपुर जिले के अलावलपुर निवासी संतोष यादव, मऊ जिले के सरायलखंसी थानाक्षेत्र स्थित रयकवारडीहा निवासी महेंद्र यादव, लखीमपुर खिरी जिले के धौरहरा, बम्हौरी निवासी आलोक भार्गव आर्थिक लाभ के लिए अपराध करते हैं।
बस्ती जिले के पुरानी करही निवासी देवेंद्र यादव, महराजगंज जिले के ठूठीबारी इटहिया निवासी शैलेश यादव, निचलौल के दुर्गेश अग्रहरी के साथ मिलकर इन लोगों ने 29 दिसंबर 2020 को शाहपुर और 20 जनवरी 2021 को कैंट क्षेत्र में महराजगंज जिले के रहने वाले सराफा कारोबारियों से लूट की थी। सभी आरोपी अभ्यस्त अपराधी हैं। इनका जनता में आतंक है, जिसकी वजह से कोई सूचना या गवाही देने की हिम्मत नहीं करता है।