फायरिंग के दौरान प्रियांशु सिंह के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शशांक ने आरोप लगाया कि गोलियां खत्म होने के बाद आरोपियों ने पिस्टल के बट से उसके सिर पर भी हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोट आईं। गोली चलने और शोर सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए लक्जरी कार से भाग गए।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में रुपये के लेन-देन के विवाद में युवक को गोली मारने व बीच बचाव करने वाले दोस्त का सिर फोड़ने का आरोपी पंकज शाही बड़हलगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने मामले में प्रियांशु सिंह के दोस्त शशांक त्रिपाठी की तहरीर पर मुख्य आरोपी पंकज शाही, राहुल सिंह, हिस्ट्रीशीटर युवराज सिंह व एक अज्ञात पर मारपीट, जानलेवा हमले का प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए छह टीमें गठित की हैं। उसके परिचितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि रुपये के लेन-देन के अलावा शशांक त्रिपाठी ने हरियाणा पुलिस को आरोपी पंकज शाही का घर बताया था, जिसके बाद ही दोस्ती में गहरी खाई पड़ गई थी।
जानकारी के मुताबिक, महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पिपरा बघण उर्फ बारीगांव निवासी शशांक कृष्ण त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के बुद्ध बिहार पार्ट-सी में रहता है।
शशांक के मुताबिक, 10 मार्च की रात करीब 10 बजे गोला थाना क्षेत्र के महुआपार निवासी पंकज शाही ने उसे और उसके मित्र प्रियांशु सिंह को रुपये लौटाने के बहाने रामगढ़ताल इलाके के चिड़ियाघर के पास हर्ष वाटिका मोड़ के पास बुलाया था।
आरोप है कि जब दोनों वहां पहुंचे तो पंकज शाही अपने साथियों राहुल सिंह, युवराज सिंह और एक अन्य युवक के साथ पहले से मौजूद था। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने रुपये लौटाने से इन्कार करते हुए दोनों को घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध पर आरोपियों ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान प्रियांशु सिंह के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
शशांक ने आरोप लगाया कि गोलियां खत्म होने के बाद आरोपियों ने पिस्टल के बट से उसके सिर पर भी हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोट आईं। गोली चलने और शोर सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए लक्जरी कार से भाग गए।
घायल प्रियांशु को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पंकज शाही पर धोखाधड़ी के एक मामले में हरियाणा पुलिस भी उसकी तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मुखबिरी के शक में पंकज का शशांक से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपियों पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगाई गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा: अभिनव त्यागी, एसपी सिटी