गुलरिहा इलाके के नरायणपुर निवासी भाजपा नेता व पूर्व प्रधान बृजेश सिंह की 2 अप्रैल, 2021 की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पंजाब के अमृतसर के तरन तारन रोड थाना क्षेत्र के दविंदर नगर निवासी राजवीर सिंह उर्फ मलक व यहीं के सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया था।
दोनों ने सुपारी लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। जिस रात दोनों ने हत्या की थी, बृजेश सिंह अगले दिन प्रधानी चुनाव के पर्चा दाखिला की तैयारी कर अपने गांव से शहर वाले मकान के लिए निकले थे। गांव के पास ही बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर सनसनी फैला दी थी।
पहले चुनावी रंजिश में हत्या की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने जमीन रंजिश में हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने शूटरों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की थी। अब दोनों शूटरों पर गैंगस्टर के तहत केस दर्ज किया गया है।