संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर (देवरिया)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 8:30 बजे 22 साल की युवती को लिफ्ट देकर एक परिचित युवक ने दोस्त के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मंगलवार सुबह पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गढ़वा मिश्र गांव के दिलीप यादव उर्फ टिंकू (38) और धनौती राय गांव के सतीश यादव (26) के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। युवती से पूछताछ के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वह सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव से कुछ दूर रहने वाली मौसी के घर जा रही थी। रास्ते में उसका एक परिचित गढ़वा मिश्र गांव का दिलीप यादव मिला। उसने लिफ्ट देने की बात कह कर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और सलेमपुर-बरठा मार्ग स्थित एक खाली मकान में ले गया। वहां पहले से उसका एक दोस्त सतीश यादव मौजूद था। वहां दोनों से जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया।
किसी तरह वह युवकों के चंगुल से फरार हो गई। आरोपियों ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया लेकिन अंधेरे में वह उनसे बचकर घर पहुंच गई। रात में डर के मारे उसने किसी को कुछ नहीं बताया। सुबह मां से सारी बात बताई तो उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से पूछताछ की।
बाद में सलेमपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। सूचना पर एसपी विक्रांत वीर व सीओ दीपक कुमार शुक्ल भी पीड़िता के घर पहुंचे और उससे वारदात की जानकारी ली। इसके बाद एसपी ने कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।