गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को छात्राएं पुलिस अधिकारियों की भूमिका निभाकर कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई की कार्यप्रणाली समझेंगी। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में एक छात्रा एसपी नॉर्थ की जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं, उत्तरी क्षेत्र के थानों में छात्राएं थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी कार्यालयों में सीओ की भूमिका निभाएंगी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना है।
एसपी नॉर्थ राजेश गुनावत ने बताया कि छात्राओं को पुलिस अधिकारियों के दायित्वों और कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा। एसपी नॉर्थ की भूमिका निभाने वाली छात्रा को पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी। थानों में छात्राएं जनसुनवाई, शिकायतों के निस्तारण और थाने की कार्यप्रणाली समझेंगी। वहीं, सीओ कार्यालयों में क्षेत्राधिकारी के दायित्वों और पुलिस व्यवस्था की निगरानी के बारे में बताया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, उनके अधिकारों और पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। पुलिस की कार्यशैली को करीब से समझने का अवसर मिलने से बालिकाओं की झिझक दूर करने और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
-
महिला पुलिसकर्मियों को मिशन शक्ति सम्मान
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को मंगलवार को मिशन शक्ति सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में एडीजी जोन राम कुमार, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला दरोगाओं और महिला आरक्षियों को सम्मानित किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।
साहस दिखाने वाली अमृता समेत 12 छात्राएं सम्मानित
मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपियों को पकड़ने में साहस दिखाने वाली अमृता वर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अच्छे अंक प्राप्त करने वाली 11 छात्राओं को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। बीते 27 अप्रैल को कस्बा चौक स्थित देवांश ज्वेलर्स की दुकान पर तीन लोग आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचे थे। आभूषण दिखाने के दौरान वे सामान लेकर भागने लगे। इसी बीच दुकानदार राकेश वर्मा की करीब 18 वर्षीय बेटी अमृता ने साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। इससे आरोपियों के चेहरे पर बंधा कपड़ा खुल गया और उनकी पहचान करने में मदद मिली। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। कार्यक्रम में अमृता को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, एलपीएम स्कूल की प्राकृति श्रीवास्तव, श्वेता वर्मा, सुकृति, श्रेजल यादव, अनन्या गुप्ता, मुस्कान पांडेय, आकृति कन्नौजिया, समृद्धि, शिवांशी तिवारी, लक्ष्मी गुप्ता और श्वेता मिश्रा को अच्छे अंक प्राप्त करने पर उपहार दिए गए।
मोहद्दीपुर चौराहे पर महिला पुलिसकर्मियों ने संभाला यातायात
कैंट थाने की मिशन शक्ति टीम ने मोहद्दीपुर चौराहे पर यातायात संचालन कर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने एनसीसी की महिला कैडेट्स को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और यातायात संचालन की जानकारी दी। इसके बाद महिला यातायात पुलिसकर्मियों और कैडेट्स ने शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभाली। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात को सुगम बनाना रहा।
त्योहारों के मद्देनजर खोराबार समेत चार थाना क्षेत्रों में निकली बाइक रैली
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए मंगलवार को पुलिस ने खोराबार समेत शहर के चार थाना क्षेत्रों में बाइक रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष खोराबार ने अपने क्षेत्र में रैली निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में राजघाट, कोतवाली और तिवारीपुर थाना क्षेत्रों में भी बाइक रैली निकाली गई। मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से पुलिस ने अपनी सक्रियता का संदेश दिया। साथ ही, आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने पर जोर दिया।