गोरखपुर। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ में बृहस्पतिवार को कारोबार मॉडल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नवाचार को कारोबार में बदलने की संभावनाएं प्रस्तुत कीं। पर्यावरण संरक्षण, तकनीक, फैशन और मनोरंजन से जुड़े मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में इको-साइलेंस मॉडल ने पहला, स्टाइल मैच ने दूसरा और 3डी वेव मॉडल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करना और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना था। प्रतिभागियों ने अपने मॉडलों के जरिये सामाजिक जरूरतों को व्यावसायिक अवसरों में बदलने की संभावनाएं बताईं।
इको इनोवेटर्स समूह ने ध्वनि प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से इको-साइलेंस ध्वनिरोधी पैनल का मॉडल प्रस्तुत किया। वहीं, अक्षिति समूह ने 3डी मॉडल थिएटर की अवधारणा पेश की। अर्चना सिंह और आकाश यादव ने स्टाइल मैच मॉडल के माध्यम से अपना विचार रखा। अन्य विद्यार्थियों ने खाद्य एवं पेय पदार्थ, फैशन, स्वास्थ्य और तकनीक से जुड़े व्यावसायिक मॉडल भी प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक व्यावसायिक स्वरूप देने और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजन की दिशा में सोचने का अवसर मिला। कार्यक्रम का संयोजन वाणिज्य विभाग की सहायक आचार्य श्वेता और श्रेया पांडेय ने किया।