गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती को फेसबुक दोस्त मिलने के लिए ब्लैकमेल कर रहा है। युवती का आरोप है कि दो साल से वह उससे बात कर रही थी। वह बार-बार मिलने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। गोरखनाथ पुलिस आरोपी एजाज अहमद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने बृहस्पतिवार को तहरीर देकर बताया कि दो वर्ष से एजाज अहमद पुत्र बकरम अहमद से बात करती थी। बाद में वह शादी करने के लिए कहने लगा। मुझे भगाकर ले जाने का दबाव भी बनाने लगा। मना करने पर वह तेजाब फेंकने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। यही नहीं बात न मानने पर सोशल मीडिया पर फोटो व वीडियो डालने की धमकी दे रहा है। उससे वीडियो कॉल पर बात हुई थी, जिसकी तस्वीरें उसके पास हैं। उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया है। इसके बाद वह पड़ोस के लोगों को कॉल कर गाली दे रहा है। इस वजह से परिवार दहशत में है।
गीडा इलाके में फोटो वायरल करने की धमकी
गीडा इलाके की एक महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मेरी बेटी गांव के युवक से बात करती थी। डांटने पर उसने बात करना छोड़ दिया। युवक के मोबाइल में बेटी की अश्लील फोटो है। अब वह फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। मना करने पर मुझे और बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। बेटी से कहता है कि बात नहीं करोगी तो तेजाब फेंककर मार दूंगा। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर गीडा थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।