गोरखपुर जिले में शाहपुर निवासी व जंगल धूसड़ महाराणा प्रताप कृषक इंटर कॉलेज के शिक्षक वेदानंद के खाते से जालसाज ने 1.20 लाख रुपये उड़ा दिए। मुख्यमंत्री जनता दरबार में शिकायत के बाद शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वेदानंद ने तहरीर में लिखा है कि फरवरी में क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने का एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि आपको एक लिंक भेज रहे हैं। उस लिंक के सहारे आप क्रेडिट कार्ड बंद करा सकते हैं। उसके झांसे में आकर भेजे गए लिंक में विवरण भर दिया। फिर तीसरे दिन साइबर अपराधी ने फोन किया।
फोन रिसीव करते ही पादरी बाजार स्थित एसबीआई के मेरे खाते से चार बार में 1.20 लाख रुपये कटने का संदेश आया। मोबाइल पर संदेश देखते ही शिक्षक के होश उड़ गए। जिसके बाद बैंक व साइबर पुलिस से शिकायत की। एक महीना बीतने के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित शिक्षक ने मुख्यमंत्री जनता दरबार में शिकायत की जिसके बाद बुधवार को शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एटीएम कार्ड बदलकर की शॉपिंग, केस दर्ज
शाहपुर इलाके के राप्तीनगर फेज फोर चरगावां निवासी त्रिगुणा नारायण सिंह ने शाहपुर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार दिन पहले एटीएम कार्ड से रुपये निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच किसी ने एटीएम कार्ड बदलकर मेरे खाते से 45 हजार रुपये का जगदंबा सुपर मार्केट के नाम से खरीदारी कर ली।
मोबाइल पर मैसेज आने के बाद खाते से रुपये निकलने की जानकारी हुई। जिसके बाद बैंक और साइबर पुलिस से शिकायत की। बुधवार को एसपी क्राइम के आदेश पर शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।