गोरखपुर में जमीन देने का वादा करके बसेरा इन्फ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ज्ञान प्रकाश मणि से 2.65 करोड़ की जालसाजी करने का मामला सामने आया है। शाहपुर पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर सालिकराम निवासी रामचंद्र सोनकर, उनके भाई हरिलाल सोनकर, दिनेश सोनकर, विपिन सोनकर और सुनीता के खिलाफ जालसाजी व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दर्ज केस के मुताबिक, ज्ञान प्रकाश मणि ने आरोपितों से शाहपुर में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनवाने के लिए जमीन के संबंध में संपर्क किया। इनसे बिल्डर्स एग्रीमेंट होने के बाद एक करोड़ 20 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आंशिक जमीन पर कब्जा दे दिया गया। जिस पर विश्वास करके 60 लाख रुपये खर्च कर भूखंड पर चहारदीवारी बनवा दी और 50 लाख रुपये अन्य मद में खर्च हो गए।
दिसंबर 2018 में नक्शा स्वीकृत के लिए आवेदन हुआ लेकिन आरोपियों के चलते नक्शा स्वीकृत नहीं हो पाया। आरोप है कि नक्शा निरस्त होने पर ब्लैकमेल करके आरोपियों ने 25 लाख रुपये और ले लिए। काफी प्रयास पर जनवरी 2021 में नक्शा स्वीकृत के लिए आवेदन में रामचंद्र और अन्य लोगों ने जीडीए में अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए हस्ताक्षर कर दिया।
इसके बाद फिर पूरी जमीन पर कब्जा नहीं दिया गया। जमीन पर मेरे कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि अब ये लोग 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग भी कर रहे हैं। बिल्डर के प्रार्थनापत्र पर एसएसपी ने केस दर्ज करने का आदेश दिया जिसके बाद पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।