27 से 30 नवंबर के बीच होगा संचालन, सभी ट्रेनें गोरखपुर होकर गुजरेंगी
गोरखपुर। छठ महापर्व के बाद दूसरे शहरों को लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चार त्योहार विशेष ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें सहरसा और दरभंगा से आनंद विहार टर्मिनल तथा अमृतसर के लिए संचालित होंगी। चारों ट्रेनें गोरखपुर होकर गुजरेंगी। इनका संचालन 27, 28 और 30 नवंबर को एकल यात्रा के लिए किया जाएगा।
05595 सहरसा-अमृतसर त्योहार विशेष ट्रेन 30 नवंबर को दोपहर 1:35 बजे सहरसा से रवाना होगी। यह रात 11:17 बजे देवरिया सदर और अगले दिन रात 12:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से लखनऊ, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली और अंबाला कैंट होते हुए रात 10:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान के पांच और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 11 कोच लगाए जाएंगे।
05519 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल त्योहार विशेष ट्रेन 27 नवंबर को रात 10 बजे सहरसा से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:52 बजे देवरिया सदर और 9:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद होते हुए तीसरे दिन रात 2:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसमें शयनयान के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और एलएसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 21 कोच होंगे।
वहीं, 05599 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल त्योहार विशेष ट्रेन 28 नवंबर को रात 10 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 7:52 बजे देवरिया सदर और 9:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए तीसरे दिन रात 2:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान के आठ और एसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 14 कोच लगाए जाएंगे।
दरभंगा से भी चलेगी विशेष ट्रेन
05531 दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल त्योहार विशेष ट्रेन 28 नवंबर को रात 10:55 बजे दरभंगा से रवाना होगी। कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा होते हुए अगले दिन सुबह 7:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती, मनकापुर, अयोध्या धाम, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ होते हुए रात 9:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसमें शयनयान के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और एलएसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।